60 फीट गहराई पर अटका, रेस्क्यू आॅपरेशन शुरू
3 Years Old Boy Falls Borewell, (आज समाज), उज्जैन: उज्जैन के बड़नगर इलाके में राजस्थान से माता-पिता के साथ आया 3 साल का मासूम बच्चा खुले बोरवेल में गिर गया। जानकारी लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया। 60 फीट गहराई में फंसे बच्चे को निकालने के लिए रातभर रेस्क्यू आॅपरेशन जारी है। कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। जानकारी अनुसार घटना एमपी के उज्जैन जिले के बड़नगर के झालरिया गांव की है।
बच्चे तक पानी-भोजन पहुंचाने और उससे संपर्क करने के प्रयास करने में जुटी टीम
बोरवेल में बच्चे के गिरने की सूचना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गई और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू प्रारंभ किया गया है। मौके पर भारी भीड़ जमा है, वहीं रेस्क्यू टीमें रस्सियों के सहारे बच्चे तक पानी-भोजन पहुंचाने और उससे संपर्क करने के प्रयास करने में जुटी है।
बोरवेल के समानांतर गड्ढा खोदने का प्रयास
प्रशासन की प्लानिंग के अनुसार अधिकारी जल्द से जल्द बच्चे को बाहर निकालने के प्रयास में जुट गए हैं। योजना बनाई जा रही है कि जेसीबी मशीनों से बोरवेल के समानांतर एक बड़ा गड्डा खोदा जाए, ताकि बच्चे को बिना नुकसान पहुंचे सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। बता दें कि फिलहाल तक बच्चे के स्वास्थ्य और स्थिति को लेकर प्रशासन ने कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। हालांकि टीमें हर संभव प्रयास में जुट गई हैं।
राजस्थान से भेड़ चराने आया था परिवार
बच्चा बोरवेल तक कैसे पहुंचा इसको लेकर जो जानकारी सामने आई है, उसमें राजस्थान का गड़रिया परिवार भेड़ चराने के लिए उज्जैन के बड़नगर इलाके की सीमा से यहां आया था। भेड़ चराने के दौरान खेलते समय बच्चे के साथ हादसा हो गया और वह सीधा बोरवेल में गिर गया।
ये भी पढ़ें: अमित शाह ने बंगाल के लिए जारी किया बीजीपी का ‘भरोसा पत्र’


