अमेरिका-ईरान समझौता होने के बाद इनके जल्द भारत पहुंचने की उम्मीद
West Asia Crisis (आज समाज), नई दिल्ली : अमेरिका और ईरान के बीच शुरू हुए युद्ध के तुरंत बाद ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया था। इसके बाद हालांकि ईरान ने भारत सहित अपने दोस्त देशों के जहाजों को होर्मुज से सुरक्षित गुजरने की छूट दे दी थी। जिसके बाद भारत के एलपीजी और कच्चे तेल से लदे कई पोत होर्मुज से सुरक्षित निकले। परंतु पिछले कुछ समय से होर्मुज में स्थिति दोबारा तनावपूर्ण बन गई थी।
इसी दौरान भारत के दो पोत पर अमेरिकी नेवी द्वारा हमला किया गया जिसमें भारत के तीन नाविकों की मौत भी हो गई। अब जबकि अमेरिका और ईरान के बीच सोमवार को शांति समझौते की घोषणा के तुरंत बाद दिशा नाम के भारतीय एलएनजी टैंकर ने सुरक्षित रूप से हॉर्मुज पार किया। ऐसा करने वाला वह पहला भारतीय व्यापारिक जहाज बना। यह जहाज 18 जून को गुजरात के दहेज पोर्ट पहुंचेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिशा के सुरक्षित रूप से हॉर्मुज पार करने से उन 34 भारतीय और विदेशी झंडे वाले जहाजों को उम्मीद मिली है, जो अभी भी फारस की खाड़ी में फंसे हुए हैं और भारतीय की ओर रवाना होने का इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इन जहाजों में से 16 जहाजों पर उर्वरक लदा है। 8 जहाज यूरिया, 4 जहाज डाय-अमोनियम फॉस्फेट (डीएपी), 3 जहाज सल्फर और एक जहाज अमोनिया के हैं।
आने वाले दिनों में भारत में उर्वरक की बहुत जरूरत
ज्ञात रहे कि भारत एक कृषि प्रधान देश है। यहां पर आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर धान की रोपाई होनी है। धान की रोपाई के बाद इसके लिए सबसे ज्यादा उर्वरक की जरूरत पड़ेगी। यदि ये सभी जहाज आने वाले दिनों में होर्मुज पार करते हुए सुरक्षित भारत पहुंचते हैं तो इससे न केवल सरकार बल्कि देश के किसानों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
19 जून को होने हैं समझौते पर हस्ताक्षर
आपको बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर शुक्रवार 19 जून को हस्ताक्षर होने हैं। दोनों देशों ने बीते दिन यानी 15 जून को आपसी समझौते की घोषणा की थी। इसके बाद अमेरिकी राष्टÑपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस समझौते पर डिजिटल हस्ताक्षर भी कर दिए थे। इसी बीच उन्होंने समझौते की शर्तों पर बात करते हुए ट्रंप ने उन खबरों को पूरी तरह गलत बताया जिनमें कहा गया था कि अमेरिका इस शांति समझौते के बदले ईरान को 300 मिलियन डॉलर देगा। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा ‘ईरान ने परमाणु हथियार न रखने पर सहमति जताई है! साथ ही, यह खबर कि अमेरिका ईरान को 300 मिलियन डॉलर दे रहा है, फर्जी खबर है, जिसे डेमोक्रेट्स ने फैलाया है।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis : ईरान को परमाणु हथियार नहीं रखने देंगे : नेतन्याहू


