6 अगस्त को भारत से रूस रवाना होंगे नरेंद्र
Rewari News (आज समाज) रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी का नरेंद्र यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस को फतह करने के लिए 6 अगस्त को रूस के लिए रवाना होगा। इससे पहले दो बार नरेंद्र इस चोटी पर तिरंगा फहरा चुका है। रूस में मौजूद माउंट एल्ब्रुस की ऊंचाई समुद्र तल से 18,510 फीट है। इस अभियान में नरेंद्र के साथ विश्व के अन्य पर्वतारोहियों जुड़ेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय टीम का नेतृत्व नरेंद्र ही करेंगे और 15 अगस्त यानी भारत की आजादी के दिन एल्ब्रुस की चोटी पर तिरंगा फहराएंगे।
सबसे अधिक बार माउंट एल्ब्रुस पर चढ़ने वाले पहले भारतीय होंगे नरेंद्र
नरेंद्र अब तक माउंट एल्ब्रुस को साल 2017 और 2023 में फतह कर चुके हैं। तीसरी बार इस उपलब्धि को हासिल करते ही यादव सबसे अधिक बार माउंट एल्ब्रुस पर चढ़ने वाले पहले भारतीय बनेंगे, जो रिकॉर्ड होगा।
रेवाड़ी के गांव नेहरूगढ़ का रहने वाला है नरेंद्र
मूल रूप से रेवाड़ी जिले के गांव नेहरूगढ़ के रहने वाले नरेंद्र यादव की मौसेरी बहन पद्मश्री संतोष यादव भी दो बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ने वाली पहली भारतीय महिला हैं। नरेंद्र की यह उपलब्धियां इसलिए भी खास हैं, क्योंकि आज से 4 साल पहले पर्वतारोहण के दौरान फ्रॉस्टबाइट (एक ऐसी स्थिति है, जिसमें शरीर का कोई अंग अत्यधिक ठंड के कारण जम जाता है) का शिकार हो गए थे।
डॉक्टरों ने पैर काटने को कहा
डॉक्टरों ने उनके पैर काटने को कह दिया था। हालांकि, 2 साल उपचार चला, जिस कारण पैरों की अंगुलियां सीधी ही रहती हैं, मुड़ती नहीं। इसके बावजूद नरेंद्र सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियां फतह करने वाले बन चुके हैं।
यह भी पढ़ें : पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में जेल में बंद यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा का आज जन्मदिन