
इमरजेंसी से निपटने के लिए कंट्रोल रूम नंबर 01744-221035 जारी, अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश
Markanda And Yamuna Rivers Overflow, (आज समाज), कुरुक्षेत्र/यमुनानगर/फरीदाबाद: हरियाणा में मारकंडा नदी उफान पर है। अभी मारकंडा नदी खतरे के निशान से करीब 1 मीटर नीचे बह रही है, लेकिन अभी नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना बनी हुई है। अभी मारकंडा में करीब 18 हजार क्यूसेक पानी बह रहा है। वहीं हिमाचल प्रदेश में दोबारा बारिश हो रही है। हिमाचल से मारकंडा में 40 हजार क्यूसेक से ज्यादा पानी आने की आशंका है।
काला अंब में तैनात गेज रीडर कश्मीर सिंह ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर, नाहन और काला अंब में 2 दिन लगातार बारिश की चेतावनी है। यहां से मारकंडा में सुबह 43 हजार क्यूसेक के आसपास पानी निकला है।
इन गांवों में स्कूल बंद
भारी बारिश और जलभराव की वजह से कुरुक्षेत्र जिले के 17 स्कूलों में आज छुट्टी घोषित की गई है। इसमें पिहोवा के 9 गांव कराह साहिब, अधोया, गंगहेड़ी, दिवाना, अज्मतपुर, खजानपुर, टाबरा, नैसी और जलबेहड़ा के स्कूलों में छुट्टी रहेगी। इसके अलावा शाहाबाद के 8 गांव झांसा, मलकपुर, गुमटी, दयाल नगर बाजीगर कॉलोनी, मदनपुर, तंगौर, कठवा और मुगल माजरा के स्कूलों में भी छुट्टी रहेगी।
डीसी ने लिया हालातों का लिया जायजा
मारकंडा के उफान से बिगड़े हालात पर प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है। डीसी विश्राम मीणा ने बीती रात कठवा गांव जाकर हालात का जायजा लिया था। साथ ही अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। इमरजेंसी के लिए एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) को तैनात किया है, ताकि राहत व बचाव कार्य तुरंत शुरू किए जा सके।
9 हजार एकड़ धान व गन्ने की फसल प्रभावित
कठवा, तंगौर, मलकपुर, मुगल माजरा और कलसाना में करीब 9 हजार एकड़ धान व गन्ने की फसल प्रभावित है। झांसा और इस्माइलाबाद के पास का कुछ एरिया भी जलभराव से प्रभावित हुआ है।
डीसी ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
डीसी विश्राम मीणा ने जलभराव वाले इलाकों में लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ अधिकारियों को 24 घंटे हालात पर नजर रखने के निर्देश दिए है। किसी भी इमरजेंसी से निपटने के लिए प्रशासन ने कंट्रोल रूम नंबर 01744-221035 जारी किया है।
यमुनानगर में डर के साए गुजरी रात

यमुनानगर में सोमवार को यमुना दिनभर अपना रौद्र रूप दिखाती रही। शाम आते-आते बेशक इसके तेवर थोड़े कम हुए, लेकिन पानी गांवों में घुस जाने से तबाही मचना शुरू हो चुकी है। देर रात से ओल्ड सहारनपुर पर यमुना का पानी नदी की तरह बह रहा था, जिस कारण जहां इस रोड पर यातायात पूरी तरह बंद हो गया है, वहीं कुछ गांव का संपर्क टूटा।
हालांकि सुबह यहां पर भी पानी में कमी आई है। मौसम विभाग द्वारा आज भी यमुनानगर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया हुआ है। ऐसे में शहर के हालात भी बिगड़ने की आशंका है। ओल्ड सहारपुर रोड पर यमुना का पानी आ जाते ने आवाजाही बंद हो चुकी है। इस रोड पर पड़ने वाले गांव बजे लापरा, महमूदपुर, मंडी, कैत, कलानौर, रामपुरा, मंडोली, बड़ी कैत, बाकर पुर, साबेपुर, बीबीपुर और मकारपुर सहित कई गांव के लोगों की रात डर के साए में कटी।
फरीदाबाद में भी यमुना ने मचाया उत्पात

फरीदाबाद में यमुना नदी का पानी राजपुरा गांव के खेतों में भर गया है। खेतों के सभी रास्ते बंद हो चुके हैं, और करीब 50 एकड़ फसल में पानी भरा हुआ है। वहीं फरीदाबाद में सेक्टर 80 स्थित गांव प्रह्लादपुर में नहर किनारे बनी झुग्गियों में 12 फीट लंबा अजगर घुस गया। वन्य जीव प्राणी विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रेस्क्यू किया और पकड़कर जंगलों में छोड़ दिया। अजगर का वजन करीब 50 किलो था।
ये भी पढ़ें : पंजाब में बाढ़ से त्राहिमाम, बारिश बढ़ा रही परेशानी