Independence Day 2026: भारत के लिए 15 अगस्त सिर्फ कैलेंडर की एक तारीख नहीं, बल्कि आजादी, संघर्ष और देशभक्ति से जुड़ा काफी खास दिन है. 15 अगस्त 1947 को देश ने ब्रिटिश शासन से स्वतंत्रता हासिल की थी. तब से हर साल इस दिन पूरे देश में तिरंगा फहराया जाता है और स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को याद किया जाता है.
स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी संस्थानों में इस मौके पर भाषण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कविताएं और देशभक्ति से जुड़े आयोजन होते हैं. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराकर देश को संबोधित करते हैं.
2026 में क्यों हो रहा है 79वें और 80वें को लेकर कन्फ्यूजन?
इस साल यानी 15 अगस्त 2026 को लेकर एक सवाल काफी लोगों के मन में है- क्या भारत 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाएगा या फिर 80वां? दरअसल, दोनों संख्याएं सुनने में सही लगती हैं, लेकिन इनके पीछे गिनती का तरीका अलग है. एक गणना आजादी के बाद पूरे हुए सालों को बताती है, जबकि दूसरी में 1947 के पहले स्वतंत्रता दिवस को भी एक आयोजन के तौर पर शामिल किया जाता है.
आजादी के कितने साल पूरे हुए?
अगर ये पूछा जाए कि 1947 से 2026 तक भारत की आजादी को कितने साल हो गए, तो गणना सीधी है- 2026-1947 = 79 साल. यानी 15 अगस्त 2026 को भारत की आजादी के 79 साल पूरे होंगे.
फिर 80वां स्वतंत्रता दिवस कैसे?
अब अगर हम स्वतंत्रता दिवस के आयोजनों की संख्या गिनें, तो तस्वीर थोड़ी अलग हो जाती है.
15 अगस्त 1947 — पहला स्वतंत्रता दिवस
15 अगस्त 1948 — दूसरा स्वतंत्रता दिवस
15 अगस्त 1949 — तीसरा स्वतंत्रता दिवस
इसी क्रम में आगे बढ़ते हुए
15 अगस्त 2026 — 80वां स्वतंत्रता दिवस
इस हिसाब से गणना होगी:
2026 – 1947 + 1 = 80
यहां +1 इसलिए जोड़ा जाता है क्योंकि 15 अगस्त 1947 को मनाया गया पहला स्वतंत्रता दिवस भी गिनती में शामिल है.
आखिर सही जवाब क्या है?
इसलिए सवाल के तरीके पर जवाब निर्भर करता है. 2026 में भारत की आजादी के 79 वर्ष पूरे होंगे, जबकि स्वतंत्रता दिवस का 80वां समारोह होगा. यानी अगर बात आजादी के सालों की है तो जवाब 79 साल है. वहीं अगर बात स्वतंत्रता दिवस की संख्या की हो रही है तो इसे 80वां स्वतंत्रता दिवस कहा जाएगा.
भारत को तय समय से पहले कैसे मिली आजादी?
आजादी की तारीख शुरू से 15 अगस्त 1947 तय नहीं थी. ब्रिटिश सरकार ने पहले भारत को सत्ता सौंपने के लिए 30 जून 1948 तक का समय तय किया था.
20 फरवरी 1947 को तत्कालीन ब्रिटिश प्रधानमंत्री क्लेमेंट एटली ने ब्रिटिश संसद में इसकी घोषणा की थी. लेकिन भारत के राजनीतिक और सामाजिक हालात तेजी से बदल रहे थे. इन परिस्थितियों के बीच सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया को पहले करने का फैसला लिया गया और आखिरकार 15 अगस्त 1947 को भारत स्वतंत्र हो गया.


