- दुनिया के 100 सर्वाधिक गर्म शहरों में यूपी के 40 सिटी
- मौसम विभाग के नक्शे में यूपी अलग लाल रंग से दर्शाया
- अधिकतर शहरों में 10 बजते ही पारा 45 पार पहुंच रहा
UP Hot Weather, (आज समाज), लखनऊ: उत्तर भारत समेत देश के कई शहर भीषण गर्मी में झुलस रहे हैं और उत्तर प्रदेश में गर्मी सबसे ज्यादा कहर बरपा रही है। राज्य में प्रचंड गर्मी से दूर-दूर तक राहत के कोई आसार नहीं हैं। बताया गया है दुनिया के 100 सर्वाधिक गर्म शहरों में उत्तर प्रदेश के 40 सिटी शामिल हैं।
रेड और आरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार बांदा जिले का अधिकतम तापमान 48 डिग्री के पार पहुंच गया है और स्थिति को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने उत्तर प्रदेश में रेड और आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने यूपी के 11 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य के कई सिटीज में तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
गर्मी के रेड अलर्ट का मतलब सावधान
गर्मी के रेड अलर्ट का मतलब सावधान है। हीटवेव यानी लू इन दिनों बहुत तेज चल रही है। सबसे अधिक गर्म होने के कारण मौसम विभाग के नक्शे में यूपी अलग से लाल रंग से दर्शाया गया है। उत्तर प्रदेश के अधिकतर शहरों में दिन में बाहर निकलने पर ऐसा लगता है जैसे हर सिटी में सड़कों पर तंदूर भभक रहा हो। सुबह 10 बजते ही पारा 45 पार पहुंच रहा है।
सरकार ने खास प्रबंध शुरू किए
प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक इसी तरह लू चलने की संभावना है। राज्य की योगी सरकार ने भीषण गर्मी व लू के की स्थिति के बीच खास प्रबंध शुरू कर दिए हैं। सभी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों को एक्सट्रा बेड व पर्याप्त दवाइयों का इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें : Hot Weather: यूपी का बांदा 48.2 डिग्री के साथ देश में लगातार तीसरे दिन सबसे गर्म


