TMC Rebellion, (आज समाज), नई दिल्ली: राज्यसभा में पश्चिम बंगाल का प्रतिनिधित्व करने वाले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद प्रकाश चिक बारिक ने भी उच्च सदन से इस्तीफा दे दिया है। एक सप्ताह में यह ऐसा तीसरा इस्तीफा है। उन्होंने राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन को लिखे पत्र में कहा कि वह तत्काल प्रभाव से सदन की सदस्यता छोड़ रहे हैं।
मदद और सहयोग के लिए आभार
बारिक ने लेटर में लिखा, मैं एतद्द्वारा राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देता हूं, जिसे कृपया तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया जाए। उन्होंने पत्र में कहा, मैं महामहिम, माननीय उप-सभापति और राज्यसभा सचिवालय के सभी अधिकारियों का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में मेरे कार्यकाल के दौरान हर तरह की मदद और सहयोग दिया। यह घटनाक्रम टीएमसी के भीतर बढ़ते आंतरिक मतभेदों के बीच हुआ है।
घटनाएं पूरी तरह से संगठन के आंतरिक मामले
इस्तीफों और बागी बयानों के सिलसिले ने पार्टी की आंतरिक एकजुटता और संभावित विलय को लेकर अनिश्चितता बढ़ा दी है। बागी टीएमसी नेता रिताब्रता बनर्जी ने बुधवार को बागी गुट और कांग्रेस के बीच किसी भी विलय की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया और जोर देकर कहा कि चल रही घटनाएं पूरी तरह से संगठन के आंतरिक मामले हैं।
समर्थन 58 विधायक से बढ़कर 64 : रिताब्रता
रिताब्रता बनर्जी ने बताया, अभी संख्या 64 (विधायक) है। ये लोग आएंगे और स्पीकर को पत्र सौंपेंगे। उन्होंने दावा किया कि उनके गुट के लिए समर्थन 58 से बढ़कर 64 विधायकों तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा, समूह जल्द ही अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष से औपचारिक रूप से संपर्क करेगा।
कोई विलय की ओर नहीं बढ़ रहा
रिताब्रता ने कहा, विलय के संबंध में, जह‘ं तक हमारी विधायी पार्टी की बात है, हम निश्चित रूप से कांग्रेस में शामिल नहीं हो रहे हैं। संसद में मौजूद सांसद, जिनमें से दो-तिहाई से अधिक हैं, वे भी कांग्रेस के साथ विलय नहीं कर रहे हैं। बनर्जी ने आगे जोर दिया कि पार्टी का कोई भी वर्ग – जिसमें सांसद, नगरपालिका प्रतिनिधि, जिÞला परिषद सदस्य या पंचायत सदस्य शामिल हैं – किसी भी विलय की ओर नहीं बढ़ रहा है।
यह भी पढ़ें : PM Modi Today News: प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आज नीति आयोग की बैठक


