PM Modi UAE Visit: खत्म होगा एलपीजी का संकट, भारत-यूएई के बीच हुआ समझौता

0
187
PM Modi UAE Visit
PM Modi UAE Visit: यूएई पर हमले निंदनीय, भारत यूएई के साथ खड़ा है और खड़ा रहेगा
  • प्रधानमंत्री का अबू धाबी में जोरदार स्वागत, गार्ड आफ आनर दिया  
  • यूएई पर हमले निंदनीय, भारत यूएई के साथ खड़ा है और खड़ा रहेगा

PM Modi’s UAE Visit, (आज समाज), अबू धाबी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पांच देशों के छह दिवसीय दौरे के पहले पड़ाव में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पहुंचे। राजधानी अबू धाबी में एयरपोर्ट पर वहां के उच्च अधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया गया। पीएम को गार्ड आफ आनर भी दिया गया। इसके बाद यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान और पीएम मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई जिसमें मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के बीच भारतीयों की मदद के लिए भी यूएई का आभार जताया।

यूएई ने किया 5 अरब डॉलर निवेश का ऐलान

विदेश मंत्रालय के मुताबिक मोदी और नहयान ने ऊर्जा, सुरक्षा, व्यापार, निवेश और पश्चिम एशिया के हालात पर भी चर्चा की। दोनों नेताओं की बैठक के दौरान भारत-यूएई के बीच एलपीजी सप्लाई को लेकर भी अहम समझौता हुआ है। इससे पश्चिम एशिया संकट के कारण हो रही एलपीजी की किल्लत दूर होगी। इसके अलावा बैठक में रक्षा सहयोग, स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व और वडिनार में शिप रिपेयर क्लस्टर से जुड़े एमओयू साइन किए गए। यूएई ने आरबीएल बैंक, भारतीय इंफ्रास्ट्रक्चर और सम्मान कैपिटल में 5 अरब डॉलर निवेश का ऐलान भी किया है।

मोदी ने यूएई पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की

विदेश मंत्रालय के मुताबिक बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने होर्मुज संकट के बीच यूएई पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, संकट की इस घड़ी में यूएई ने बहुत संयम के साथ काम लिया। पीएम ने कहा, मुश्किल की इस घड़ी में यूएई में रहने वाले भारतीयों की जिस तरह से देखभाल की गई वह काबिलेतारीफ है। उन्होंने कहा, भारतीय लोगों को संकट में यूएई में अपने परिवार के सदस्यों जैसा माना गया, जिसके लिए मैं यूएई की सरकार और आपका (जायद अल नहयान ) व रॉयल फैमिली का दिल से धन्यवाद करता हूं।

पीएम ने नहयान के साथ एक तस्वीर एक्स पर शेयर की

पीएम मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति नहयान के साथ अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर की है। इसके साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा, मैं अपने भाई, यूएई के प्रेसिडेंट, हाइनेस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान को अबू धाबी एयरपोर्ट पर मेरा स्वागत करने के लिए धन्यवाद देता हूं। ऊर्जा, निवेश, सप्लाई चेन जैसे खास सेक्टर में भारत-यूएई के बीच रिश्तों को मजबूत करने के मकसद से हमारी सार्थक बातचीत हुई है।

भारत यूएई के साथ हमेशा खड़ा रहेगा

प्रधानमंत्री ने इस दौरान यूएई को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया और कहा कि भारत यूएई के साथ खड़ा है और हमेशा खड़ा रहेगा। पीएम ने कहा, भारत शांति, स्थिरता व सहयोग के लिए तैयार है और हम पहले की तरह हर क्षेत्र में मिलकर आगे बढ़ेंगे। जिस तरह से यूएई को निशाना बनाया गया है, वह कतई मंजूर नहीं है। उन्होंने इस दौरान स्ट्रेट आॅफ होर्मुज को खोले जाने पर भी जोर दिया।

20 मई को इटली में होगा पीएम के दौरे का समापन

पीएम मोदी अन्य जिन चार देशों के दौरे पर हैं उनमें नीदरलैंड, स्वीडन, नॉर्वे और इटली हैं। वह 17 मई तक नीदरलैंड, 17 से 18 मई तक स्वीडन, 18 से 19 मई तक नॉर्वे के दौरे पर रहेंगे और 19 से 20 मई तक इटली में अपने दौरे का समापन करेंगे। इन सभी देशों में वे वहां के नेताओं के साथ उच्च-स्तरीय बातचीत करेंगे।

ये भी पढ़ें : New Delhi BRICS Summit: वैश्विक संकटों से निपटने के लिए व्यावहारिक सहयोग जरूरी : जयशंकर

  • TAGS
  • [post_tags]