E20 Petrol News: (आज समाज), नई दिल्ली : E20 पेट्रोल पर देशभर में मचे घमासान के बीच निशाने पर आए केंद्र सरकार के लिए राहत की खबर आई है. IIT कानपुर में हुए एक शोध में यह दावा किया गया है कि E20 पेट्रोल से गाड़ियों को कोई नुकसान नहीं होता. यह अध्ययन ऐसे समय में सामने आया है, जब पूरे देश में E20 पेट्रोल को लेकर गाड़ियों के मालिकों में आक्रोश है. उनका कहना है कि इस पेट्रोल से न सिर्फ उनकी गाड़ियों का माइलेज घट गया है, बल्कि गाड़ियां भी जल्दी-जल्दी खराब हो रही हैं.
नई, पुरानी सभी गाड़ियो के लिए सेफ
IIT कानपुर के रिसर्चर ने बताया है कि उनके अध्ययन में E20 पेट्रोल से गाड़ियों के माइलेज में किसी तरह की गिरावट के ‘कोई सबूत नहीं’ मिले हैं. साथ ही, इस ईंधन से नई या पुरानी दोनों तरह की गाड़ियों के इंजन को भी किसी तरह का नुकसान नहीं होता.
नुकसान की तुलना में फायदे ज्यादा
यह अध्ययन ऐसे समय में आया है, जब पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने पिछले दिनों कहा था कि कुछ वाहनों में E20 पेट्रोल से माइलेज में 5% तक की कमी आ सकती है. सरकार ने कहा था कि इस ईंधन से पर्यावरण को होने वाले फायदे की तुलना में यह नुकसान कोई मायने नहीं रखता.
माइलेज में 5% से भी कम की कमी
IIT कानपुर में मैकेनिकल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के इंजन रिसर्च लेबोरेट्री में प्रोजेक्ट साइंटिस्ट ध्रुव राज करन ने कहा, ”संस्थान में किए गए रिसर्च के दौरान देखा गया कि E20 पेट्रोल से माइलेज में होने वाली वास्तविक कमी 5% से भी कम है. उन्होंने पीटीआई को बताया कि माइलेज में यह मामूली कमी ज़रूरी नहीं कि ईंधन की वजह से ही हो. बाहरी फैक्टर की वजह से भी ऐसा हो सकता है. अगर शुद्ध पेट्रोल से भी बार-बार टेस्ट करने पर ऐसा हो सकता है.”
इंजन को नहीं होता कोई नुकसान
करन ने दावा किया कि उनके विस्तृत अध्ययन में यह साबित हो गया है कि E20 पेट्रोल से इंजन को किस तरह का नुकसान नहीं होता, इंजन में जंग नहीं लगता और अन्य तकनीकी खामी नहीं होती. करन ने बताया कि IIT कानपुर में प्रोफेशनर अविनाश कुमार अग्रवाल के नेतृत्व वाली इंजन रिसर्च लेबोरेट्री में इथेनॉल मिश्रित इंधनों पर काफी लंबे समय से विस्तृत अध्ययन किया जा रहा है.


