Jammu-Kashmir: नए साल की शांतिपूर्ण शुरुआत सुनिश्चित करने को सर्च ऑपरेशन

0
230
Jammu-Kashmir
Jammu-Kashmir: नए साल की शांतिपूर्ण शुरुआत सुनिश्चित करने के लिए तलाशी अभियान में जुटे सुरक्षा बल

Search Operation In Bhalesa-Doda District, (आज समाज), जम्मू: पूरी दुनिया जहां नए साल के जश्न में डूबी हुई है, वहीं भारतीय सेना और जम्मू और कश्मीर पुलिस 2026 की शांतिपूर्ण शुरुआत सुनिश्चित करने के लिए बर्फबारी के बीच शून्य से नीचे के तापमान और सीमित दृश्यता में तलाशी अभियान में जुटे हैं। संभावित खतरों को खत्म करने के मकसद से सुरक्षा बल के जवान डोडा जिले (Doda district) के भलेसा (Bhalesa) स्थित ऊंचे पहाड़ों व गुफाओं में तलाशी अभियान छेड़े हुए हैं।

तापमान शून्य से नीचे

डोडा की भलेसा बेल्ट (Doda Bhalesa belt) हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) की सीमा से लगती है और इसमें घने जंगल, प्राकृतिक गुफाएं व ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी इलाके हैं। इन इलाकों में इन दिनों कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। साथ ही भारी बर्फबारी (Heavy Snowfall) हुई है और तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। ऐसी स्थिति में सुरक्षा बल लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। इन कठिनाइयों के बावजूद सेना व पुलिस क्षेत्र में स्थायी शांति बहाली के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। सभी खतरों को खत्म करने का उनका संकल्प साहस और बलिदान का प्रतीक है।\

सेना की बदौलत घरों में सुरक्षित रहते हैं लोग

स्थानीय लोगों का कहना है कि सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के बेजोड़ समर्पण और बहादुरी की बदौलत ही वे अपने घरों में सुरक्षित रहते हैं। सेना ने खतरों के मद्देनजर डोडा जिले के अलावा किश्तवाड़ में भी आतंकवाद विरोधी अभियानों को तेज कर दिया है। पाकिस्तानी आतंकियों के खात्मे के लिए सेना की इकाइयों ने अपने आॅपरेशनल दायरे को ऊंचे और बर्फ से ढके इलाकों तक बढ़ा दिया हैं।

कश्मीर की सर्दियों का सबसे कठोर चरण चिल्लई कलां

गौरतलब है कि इन दिनों जम्मू-कश्मीर में परंपरागत रूप से, चिल्लई कलां (कश्मीर की सर्दियों का सबसे कठोर चरण) चल रहा है। यह 21 दिसंबर से 31 जनवरी तक चलता है और इसकी वजह से आतंकी गतिविधियों में अस्थायी शांति रहती है, क्योंकि ठंड के इस सबसे कठिन दौर में संचार मार्ग बंद हो जाते हैं और भारी बर्फबारी से पहाड़ी क्षेत्र अलग-थलग पड़ जाते हैं। हालांकि, इस सर्दी में भारतीय सेना और अन्य सुरक्षा बलों के आॅपरेशनल दृष्टिकोण में एक निर्णायक बदलाव आया है।

बहुत ज्यादा अलर्ट और एक्टिव रहने का निर्देश : एसएसपी

उधमपुर के पुलिस मुख्यालय के उप पुलिस अधीक्षक प्रहलाद कुमार ने कहा, नए साल को देखते हुए हमें काफी भीड़ की उम्मीद है। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए, हमने सीआरपीएफ, सेना, जिला पुलिस और आईटीबीपी सहित विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय किया है और चेक पोस्ट स्थापित किए हैं। एसएसपी ने विजिटर्स की संख्या में बढ़ोतरी की उम्मीद को देखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को बहुत ज्यादा अलर्ट और एक्टिव रहने का निर्देश दिया।

आपरेशनों के लिए एकीकृत दृष्टिकोण

सेना के गश्त दल आतंकियों को कोई भी पनाहगाह न मिले, यह सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से ऊंची पहाड़ियों, घाटियों और जंगली इलाकों में गश्त कर रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, यह बदलाव आतंकवाद विरोधी रणनीति में एक विकास का संकेत देता है, जो सेना की अनुकूलन क्षमता और मौसम या इलाके की परवाह किए बिना परिचालन गति बनाए रखने के उसके संकल्प को रेखांकित करता है। इस साल की आतंकवाद विरोधी रणनीति की एक खास बात आॅपरेशनों के लिए एकीकृत दृष्टिकोण रहा है।

समन्वित प्रयास का नेतृत्व कर रही सेना

भारतीय सेना कई सुरक्षा और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर एक समन्वित प्रयास का नेतृत्व कर रही है, जिसमें नागरिक प्रशासन, जम्मू और कश्मीर पुलिस (जेकेपी), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), विशेष अभियान समूह (एसओजी), वन रक्षक और ग्राम रक्षा गार्ड (वीजीडी) शामिल हैं। यह अंतर-एजेंसी सहयोग निर्बाध खुफिया जानकारी साझा करने, संसाधनों के अधिकतम उपयोग और बेहतर परिचालन निष्पादन सुनिश्चित करता है।

ये भी पढ़ें : Jammu-Kashmir News : बारामुला में आतंकी ठिकाना ध्वस्त

  • TAGS
  • [post_tags]