IMD Alert: पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ राज्यों में आंधी-तूफान व बारिश का अनुमान

0
328
IMD Alert
IMD Alert: पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के कुछ राज्यों में आंधी-तूफान व बारिश का अनुमान
  • प्रयागराज शुक्रवार को देश का सबसे गर्म स्थान दर्ज

IMD Alert, नई दिल्ली। उत्तर भारत समेत देश के कई राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने राहत की खबर दी है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार देश के कुछ राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अनुमान है, जिससे दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के अधिकतर राज्यों में आसमान से बरस रही आग के बीच लोगों को राहत मिलेगी। अधिकारियों ने इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना बताया है। बता दें कि इन दिनों कई जगह अधिकतम तापमान 45 डिग्री को पार कर चुका है।

UP : 28-29 अप्रैल को बारिश व आंधी की संभावना

आईएमडी के मुताबिक 26 से 28 अप्रैल के बीच दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश में 28 और 29 अप्रैल को बारिश व आंधी की संभावना है। प्रयागराज शुक्रवार को 45.2 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा।

बंगाल, झारखंड, बिहार: धूल भरी आंधी की संभावना

वहीं पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में भी इस दौरान धूल भरी आंधी तथा गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं, जिससे भीषण लू से लोगों को कुछ समय के लिए राहत मिल सकती है। झारखंड में आंधी-तूफान के बीच 26 अप्रैल को ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। राजस्थान के पश्चिमी व उत्तरी भागों में 26 से 28 अप्रैल को दोपहर बाद धूलभरी आंधी चल सकती है। साथ ही हल्की बारिश हो सकती है। राज्य में कई जगह पारा 43-44 डिग्री पार कर चुका है।

असम, अरुणाचल व मेघालय में मूसलाधार बारिश की संभावना

पूर्वोत्तर राज्य असम, अरुणाचल और मेघालय में अगले सप्ताह के शुरू से लगभग चार दिन तक मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। मेघालय और असम में 26 और 27 अप्रैल को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान की चेतावनी भी जारी की गई है। सिक्किम में भी मौसम के बिगड़ने के आसार हैं। असम, अरुणाचल और मेघालय में 27 से 30 अप्रैल के बीच भारी बारिश का अनुमान है और इसके कारण भूस्खलन व निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बताया गया है। तटीय आंध्र प्रदेश, केरल व तमिलनाडु में मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा।

भारी बारिश वाले क्षेत्रों के लोगों के लिए अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अधिकारियों ने मूसलाधार बारिश की संभावना वाले क्षेत्रों के लोगों को अलर्ट रहने की सलाह दी है। उनसे जलभराव वाली जगहों से दूर रहने के साथ यातायात परामर्शोँ का पालन करने को कहा गय है। दूसरी तरफ देश के जिन भागों में हीटवेव यानी लू का प्रकोप है, उन इलाकों के लोगों को पर्याप्त पानी पीते रहने के साथ-साथ दोपहर में घरों से बाहर न निकालने की सलाह दी गई है। वहीं किसानों से कहा गया है कि वे भारी बारिश व ओलावृष्टि को देखते हुए अपनी फसल कटाई के साथ-साथ सुरक्षा के भी उचित इंतजाम कर लेें।

ये भी पढ़ें : Weather Update Today : अगले चार दिन देश के इन हिस्सों में कहर बरपाएगी गर्मी

  • TAGS
  • [post_tags]