Harish Rana Death: निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति पाने वाले हरीश को दिल्ली में दी गई अंतिम विदाई

0
225

Harish Rana Death, (आज समाज), नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट से निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति पाने वाले हरीश राणा आखिर दुनिया को अलविदा कह गए। गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित राज एंपायर सोसाइटी निवासी हरीश ने मंगलवार शाम को अंतिम सांस ली और बुधवार को दक्षिण दिल्ली स्थित ग्रीन पार्क में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मौके पर माहौल बेहद भावुक रहा। परिवार और स्थानीय लोगों के अलावा उनके रिलेटिव ने नम आंखों से हरीश को श्रद्धांजलि दी।

19 की उम्र से लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे हरीश

पंजाब विश्वविद्यालय से सिविल इंजीनियरिंग कर रहे हरीश 2013 में हॉस्टल की चौथी मंजिल से नीचे गिरने के बाद कोमा में चले गए थे। तब 19 वर्ष की उम्र से लगातार वह लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे। जुलाई-2010 में इंजीनियरिंग में हरीश ने दाखिला लिया था और  अगस्त 2013 में रक्षाबंधन के दिन बहन से मोबाइल पर बात करते हुए वह पीजी की चौथी मंजिल से गिर गए थे। 2013 उनकी पढ़ाई का अंतिम वर्ष था। गिरने के बाद से वह कोमा में थे। उनकी जिंदगी मशीनों तक सिमट गई थी। कभी सांस लेते तो आंखें झपकते, पर न बोल और न हिल पाते थे।

कोई सुधार न देखकर परिवार ने कोर्ट से मांगी थी इच्छामृत्यु

परिवार ने हरीश को बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन आखिर सफलता नहीं मिली। उन्हें होश कभी वापस नहीं आया। कोई सुधार न देखकर परिवार ने अंतत: सुप्रीम कोर्ट से हरीश के लिए निष्क्रिय इच्छामृत्य की इजाजत मांगी। कोर्ट ने पूरी संवेदनशीलता से मामले को सुना और फिर मेडिकल प्रोटोकॉल के तहत प्रक्रिया पूरी करने के एम्स को निर्देश दिए। अस्पताल ने इसके बाद डॉ. सीमा मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई और कोर्ट के आदेशानुसार डॉक्टरों ने हरीश से लाइफ सपोर्ट सिस्टम को हटाने की प्रक्रिया पूरी की।

मंगलवार शाम को हुआ निधन

24 मार्च 2026 को शाम 4:10 बजे हरीश का निधन हुआ। अस्पताल की विशेष मेडिकल टीम में पेलिएटिव मेडिसिन, न्यूरोसर्जरी, आन्को-एनेस्थीसिया और मनोचिकित्सा के विशेषज्ञ शामिल थे। पूर्व आन्को-एनेस्थीसिया प्रमुख डॉ. सुषमा भटनागर के मुताबिक यह केवल एक मेडिकल प्रक्रिया नहीं थी, बल्कि गरिमा के साथ जीवन को विदा देने का एक प्रयास था।

परिवार ने जो सहा, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता

सोसायटी के लोगों का कहना है कि हरीश के परिवार ने 13 वर्षों में जो सहा, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। लोगों ने बताया कि हरीश के भाई आशीष लगातार उनकी देखभाल में लगे रहे। एक व्यक्ति ने कहा कि हरीश का दुनिया से जाना दुखद तो है, पर जो स्थिति थी, वह बेहद कष्टदायक थी। उन्होंने बताया कि परिवार ने बहुत संघर्ष किया है। एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि पूरी सोसाइटी मुश्किल की इस घड़ी में हरीश के परिवार के साथ खड़ी है।

भावुक कर देने वाला वीडियो आया था सामने

एम्स ले जाने से पहले गाजियाबाद स्थित हरीश राणा के घर सामने आए एक वीडियो ने हर देखने वाले को भावुक कर दिया था। वीडियो में ब्रह्मा कुमारी संस्था की एक महिला सदस्य हरीश के माथे पर तिलक लगाते उनसे कहती हैं- सबको माफ कर दीजिए और सबसे माफी मांग लीजिए, अब शांति से विश्राम कीजिए।

यह भी पढ़ें : Supreme Court: महिला अधिकारी सेना में स्थायी कमीशन की हकदार, पेंशन भी मिलेगी

  • TAGS
  • [post_tags]