US Airstrike In Nigeria, (आज समाज), वाशिंगटन/अबुजा: संयुक्त राज्य अमेरिका ने अफ्रीकी देश नाईजीरिया में आईएसआईएल (आईएसआईएस) लड़ाकों के खिलाफ हवाई हमला किया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प (President Donald Trump ) ने स्वयं यह जानकारी दी है। उनके मुताबिक उत्तर-पश्चिम नाइजीरिया में आज अलसुबह यह हमला किया गया।
निर्दोष ईसाइयों को बेरहमी से मारने का आरोप
ट्रंप ने गुरुवार शाम को अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में कहा, कमांडर इन चीफ के तौर पर मेरे निर्देश पर, अमेरिका ने नॉर्थवेस्ट नाइजीरिया में आईएसआईएस के आतंकवादी कमीनों के खिलाफ एक शक्तिशाली और जानलेवा हमला किया। उन्होंने कहा कि आईएसआईएल लड़ाकों (ISIL fighters) ने मुख्य रूप से निर्दोष ईसाइयों को निशाना बनाकर बेरहमी से मारा है, जो कई साल और यहां तक कि सदियों में भी नहीं देखा गया!
कई आईएसआईएस आतंकी मारे गए
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, मैंने पहले ही इन आतंकियों को चेतावनी दी थी कि अगर उन्होंने ईसाइयों का कत्लेआम बंद नहीं किया तो उन्हें इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा और आज रात वही हुआ। अफ्रीका में ऑपरेशन्स के लिए ज़िम्मेदार अमेरिकी सेना की अफ्रीका कमांड (AFRICOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, यह एयर स्ट्राइक नाइजीरियाई अधिकारियों के अनुरोध पर की गई थी और इसमें कई आईएसआईएस आतंकी मारे गए।
अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ
अमेरिकी रक्षा सचिव (US Defence Secretary) पीट हेगसेथ (Pete Hegseth) ने सोशल मीडिया पर लिखा, नाइजीरियाई सरकार के समर्थन और सहयोग के लिए आभारी हूं। उन्होंने बिना कोई डिटेल दिए चेतावनी दी कि और भी बहुत कुछ होने वाला है। एक बयान में, अमेरिकी सेना की अफ्रीका कमांड ने कहा कि यह स्ट्राइक सोबोटो राज्य में हुई, जो नाइजीरिया के सोकोटो राज्य का ज़िक्र लगता है।
ट्रंप ने कुछ सप्ताह पहले दी थी चेतावनी
ट्रंप ने कुछ सप्ताह पहले कहा था कि उन्होंने देश में ईसाइयों पर हो रहे अत्याचारों के दावों के बाद नाइजीरिया में संभावित सैन्य कार्रवाई की योजना बनाने के लिए पेंटागन को आदेश दिया है। नाइजीरिया सरकार ने ट्रंप के दावों को खारिज करते हुए कहा था कि सशस्त्र समूह देश में मुस्लिम और ईसाई दोनों समुदायों को निशाना बनाते हैं और अमेरिका के ये दावे कि ईसाइयों को उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है, यह जटिल सुरक्षा स्थिति को नहीं दिखाते हैं और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए नाइजीरियाई अधिकारियों के प्रयासों को नज़रअंदाज़ करते हैं।
ये भी पढ़ें : US Airstrike In Somalia: सोमालिया में अमेरिकी एयरस्ट्राइक में अल शबाब के 30 लड़ाके ढेर


