Coaching Institute Firing Case, पटना: पटना जिला अदालत ने मंगलवार को खान सर के नाम से जाने-जाने वाले शिक्षक फैसल खान की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामले के संबंध में यह रोक लगाई गई है। बता दें कि खान सर के कोचिंग इंस्टीट्यूट के बाहर हाल में हुई फायरिंग को लेकर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा के तहत खान सर समेत 3 लोगों के खिलाफ कदमकुआं पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज होने के बाद कोर्ट ने यह कदम उठाया है।
फायरिंग में घायल हो गया था सिक्योरिटी गार्ड
कोचिंग इंस्टीट्यूट के बाहर 2 जून को फायरिंग हुई थी, जिसमें एक सिक्योरिटी गार्ड घायल हो गया था। एफआईआर एक वीडियो के आधार पर दर्ज की गई है जिसमें दो गार्ड कथित तौर पर फायरिंग करते हुए दिख रहे थे। बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। मामले की सुनवाई पटना सिविल कोर्ट के जिला जज ने की। इस दौरान गिरफ्तारी से जुड़ी कार्यवाही पर विचार किया गया और खान सर की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी। उनके सिक्योरिटी गार्ड से जुड़ी एफआईआर के मामले में उन्हें अंतरिम राहत दी दी गई।
डायरेक्टर रौशन आनंद की तुरंत रिहाई की मांग
ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के शिक्षकों और छात्र नेताओं ने इससे पहले रविवार को डायरेक्टर रौशन आनंद की तुरंत रिहाई की मांग की। उन्होंने उनकी गिरफ्तारी को बेबुनियाद बताया और सवाल उठाया कि खान सर के खिलाफ वैसी कार्रवाई क्यों नहीं की गई। इतिहास के शिक्षक शशांक पाठक ने बताया, रौशन आनंद सर की गिरफ्तारी के लिए बताई गई सभी वजहें बेबुनियाद साबित हुई हैं, फिर भी वे हिरासत में हैं। उन्होंने कहा, हम उनकी तुरंत रिहाई की मांग करते हैं। अगर रौशन सर को रिहा नहीं किया गया, तो हम भूख हड़ताल करेंगे। रौशन आनंद और उनके दो साथियों, अभिषेक और गौरव को 3 जून को पटना सिविल कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेजा था।
हमारे खिलाफ साजिश रची जा रही : आनंद
आनंद ने इससे पहले दावा किया था, हमारे खिलाफ साजिश रची जा रही है। बिहार पुलिस परीक्षा के नतीजों में मिली कामयाबी के बाद, हमें फंसाने की कोशिश की जा रही है। किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक और खान सर मिलकर ज्ञान बिंदु को बर्बाद करने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस के बयान के मुताबिक, जांच के दौरान एक वीडियो मिला जिसमें तोड़-फोड़ के बाद दो लोग हवा में फायरिंग करते हुए दिखे। वीडियो फुटेज की जांच के बाद, पुलिस ने संस्थान से जुड़े दो गार्डों की पहचान की और उन्हें हिरासत में लिया पुलिस ने पुष्टि की कि घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार ज़ब्त कर लिए गए हैं और जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेज दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें : Bihar New CM: सम्राट चौधरी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ


