Budget Session Live Updates, (आज समाज), नई दिल्ली: संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण का आज दूसरा दिन है और लोकसभा में आज कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को पेश करने के समर्थन में 50 से ज्यादा सांसदों ने खड़े होकर अपनी सहमति दी, जिसके बाद, पीठासीन अधिकारी के तौर पर मौजूद भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कांग्रेस सांसद को प्रस्ताव पेश करने की अनुमति दे दी।
जगदंबिका की अध्यक्षता को सरकार का समर्थन
बता दें कि लोकसभा में स्पीकर को पद से हटाने के प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान जगदंबिका पाल की अध्यक्षता को सरकार का समर्थन मिला है। केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने कहा है कि जब स्पीकर को हटाने का प्रस्ताव पेश किया जाता है, तो ऐसे में चेयरपर्सन के पैनल का कोई मेंब्र सदन की अध्यक्षता कर सकता है। इसी आधार पर जगदंबिका पाल कार्यवाही चला रहे हैं। बहस संविधान के अनुच्छेद 94 के तहत हो रही है, जिसमें ओम बिरला को पद से हटाने का प्रस्ताव रखा गया है।
सांसद केवल इसी प्रस्ताव पर रखें बात: जगदंबिका
जगदंबिका पाल ने कहा कि इस बहस के लिए 10 घंटे का समय तय किया गया है और सांसदों से कहा कि वे बहस के दौरान केवल इसी प्रस्ताव पर अपनी बात रखें। उन्होंने कहा कि स्पीकर ने विपक्ष के इस प्रस्ताव से जुड़ी अनुमतियों और प्रक्रियाओं को लेकर काफी उदारता दिखाई है।
केसी वेणुगोपाल ने जगदंबिका के अधिकार पर उठाए सवाल
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल (KC Venugopal) ने कहा कि सरकार ने पिछले कई सालों से डिप्टी स्पीकर की नियुक्ति नहीं की है, जिससे एक संवैधानिक शून्य पैदा हो गया है। जगदंबिका के अधिकार पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, आपको तो लोकसभा स्पीकर ने नियुक्त किया है। उन्होंने आगे कहा कि सदन को किसी ऐसे व्यक्ति को चुनना चाहिए जो इस प्रस्ताव पर होने वाली बहस के दौरान सदन की कार्यवाही का संचालन करे।
विपक्ष की ये आपत्तियां बेबुनियाद : भाजपा सांसद
भाजपा सांसदों रविशंकर प्रसाद और निशिकांत दुबे ने कहा कि विपक्ष की ये आपत्तियां बेबुनियाद हैं।किरण रिजिजू ने भी इस मामले पर निशिकांत दुबे का समर्थन करते हुए कहा, इस मुद्दे को उठाने की कोई जरूरत ही नहीं थी। बता दें कि कुल 118 विपक्षी सांसदों ने इस प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए हैं। इन सांसदों ने स्पीकर पर पक्षपातपूण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी को सदन में बोलने की अनुमति नहीं दी गई।
ये भी पढ़ें: Potato Protest: सपा सांसदों ने संसद के बाहर किया ‘आलू विरोध प्रदर्शन’


