Aaj Samaj 20th Anniversary: चंडीगढ़ के होटल ताज में ‘आज समाज’ की 20वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बीजेपी नेता और पूर्व मंत्री विजय सांपला ने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है।
उन्होंने कहा कि अब तक राज्य में पूरी तरह से बीजेपी की सरकार नहीं रही है, लेकिन पार्टी केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी और उसी के दम पर चुनाव लड़ेगी।
हर रोज पार्टी में शामिल हो रहे बड़े नेता
विजय सांपला ने कहा कि बीजेपी का संगठनात्मक ढांचा बेहद मजबूत है और हर दिन कोई न कोई बड़ा नेता पार्टी में शामिल हो रहा है। उन्होंने इसे पार्टी की बढ़ती ताकत का संकेत बताया।
किसानों का बदला रुख
किसानों को लेकर सांपला ने कहा कि एक समय ऐसा था जब किसान बीजेपी का विरोध करते थे और गांवों में घुसने तक नहीं देते थे। लेकिन अब वही किसान कह रहे हैं कि उन्हें पहले गुमराह किया गया था और जो कानून लाए गए थे, वे सही थे। उन्होंने दावा किया कि अब कई जगहों पर बीजेपी नेताओं को गांवों में आमंत्रण देकर बुलाया जा रहा है।
बिजली कटौती और कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा
पंजाब की स्थिति पर बोलते हुए विजय सांपला ने कहा कि राज्य में अब लंबे बिजली कट लग रहे हैं और लोगों के इनवर्टर तक खाली हो जाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर हमला बोला और कहा कि ऐसा शायद ही कोई दिन जाता हो जब कोई वारदात न होती हो। उन्होंने दावा किया कि पूरे देश में कानून-व्यवस्था के मामले में पंजाब की हालत सबसे खराब है।
महिलाओं और नशे के मुद्दे पर बड़ा ऐलान
विजय सांपला ने कहा कि राज्य की महिलाएं अपने हजार रुपये की मांग कर रही हैं। उन्होंने वादा किया कि अगर बीजेपी सत्ता में आती है तो नशे को जड़ से खत्म किया जाएगा और प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
ये भी पढ़ें : Aaj Samaj के मंच से राजनीति के दिग्गज आज कई अहम मुद्दों पर रखेंगे अपनी बात


