- अब तक कुल 287 उम्मीदवारों की सूची जारी
Bengal Assembly Polls 2026, (आज समाज), नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों 2026 के लिए 13 प्रत्याशियों की चौथी सूची जारी कर दी। इससे पहले 25 मार्च को, भजापा ने राज्य की सभी 294 सीटों पर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के खिलाफ होने वाले कड़े मुकाबले के लिए 19 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की थी। आजी कर मेडिकल कॉलेज में बलात्कार और हत्या की पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ को पानीहाटी सीट से उम्मीदवार बनाया गया था।
मैनागुड़ी सीट से उम्मीदवार बदला
चौथी सूची में मैनागुड़ी सीट से उम्मीदवार भी बदल दिया गया है। मैनागुड़ी (एससी) विधानसभा सीट से कौशिक रॉय की जगह दलीम रॉय को उम्मीदवार बनाया गया है। सूची के अनुसार, आशुतोष बर्मा सिताई (एससी) से, गिरिजा शंकर रॉय नताबारी से, सोमा ठाकुर बागदा (एससी) से, उत्तम कुमार बनिक मगराहाट पूर्व से, देबांग्शु पांडा फलता से, देबाशीष धर सोनारपुर उत्तर से, संतोष पाठक चौरंगी से, श्यामल हाटी हावड़ा दक्षिण से, रंजन कुमार पॉल पांचला से, पीयूष कांति दास चांदीपुर से, प्रदीप लोढ़ा गरबेटा से, मानव गुहा मेमारी से और अरिजीत रॉय बाराबनी से चुनाव लड़ेंगे।
पहले चरण के लिए वोटिंग 23 अप्रैल को
भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के अनुसार, बंगाल में चुनाव दो चरणों में होंगे – 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होेने हैं। दोनों चरणों के वोटों की गिनती 4 मई को होगी। पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 6 अप्रैल है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 7 अप्रैल को होगी। उम्मीदवारों को 9 अप्रैल तक अपने नामांकन वापस लेने की अनुमति होगी।
दूसरे चरण में विधानसभा की 142 सीटें शामिल
दूसरे चरण के लिए, जिसमें विधानसभा की 142 सीटें शामिल हैं, राजपत्र अधिसूचना 2 अप्रैल को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 9 अप्रैल है, और नामांकन पत्रों की जांच 10 अप्रैल को होगी। उम्मीदवार 13 अप्रैल तक अपने नामांकन वापस ले सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी ने अब तक पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के लिए कुल 287 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। पहली सूची में 144 उम्मीदवार, दूसरी सूची में 111 उम्मीदवार, तीसरी सूची में 19 उम्मीदवार और अब चौथी सूची में 13 उम्मीदवार शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: Assam Assembly Elections: भाजपा ने जारी किया ‘संकल्प पत्र’, यूसीसी का वादा


