Pathankot Car Robbery. पंजाब पुलिस ने अपनी सूझ बूझ से एक मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की. पठानकोट में बंदूक की नोक पर कार लूटने के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस ने इस वारदात में शामिल मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से लूटी गई XUV 500 भी बरामद कर ली गई है.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरजीत सिंह उर्फ शीना, पुनीत शर्मा उर्फ काका, पवन उर्फ पानी और राहुल भट्टी उर्फ बॉबी के रूप में हुई है. सुरजीत सिंह और पुनीत शर्मा अमृतसर के रहने वाले हैं, जबकि पवन और राहुल भट्टी गुरदासपुर के निवासी हैं.
गुजरात के वडोदरा से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरजीत सिंह उर्फ शीना को गुजरात के वडोदरा से गिरफ्तार किया है. उसकी गिरफ्तारी के लिए गुजरात पुलिस की मदद ली गई थी. पुलिस के अनुसार, सुरजीत सिंह का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उसके खिलाफ अमृतसर के सदर पुलिस थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं.
सुजानपुर थाने में दर्ज है मामला
पुलिस ने इस लूट की वारदात के संबंध में सुजानपुर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया है. चारों आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटी गई गाड़ी की बरामदगी के बाद अब पुलिस आगे की जांच कर रही है. पठानकोट पुलिस की इस कार्रवाई को गंभीर अपराधों पर रोक लगाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.


