- पंजाब न केवल मेरा घर, बल्कि उनका कर्तव्य, मिट्टी और आत्मा भी
AAP MP Raghav Chadha, (आज समाज), नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद राघव चड्ढा के अपनी ही पार्टी से इन दिनों चल रहे विवाद के बीच सांसद ने अब आप पर पलटवार किया है। ‘आप’ ने हाल ही में राघव चड्ढा पर संसद में पंजाब से जुड़े मुद्दे न उठाने का आरोप लगाया था। इसके बाद अब राघव ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इन आरोपों का जवाब किया।
संसद में मैंने ये मुद्दे उठाए : राघव चड्ढा
‘आप’ सांसद ने जोर देकर कहा कि पंजाब न केवल उनका घर है, बल्कि उनका कर्तव्य, मिट्टी और आत्मा भी है। उन्होंने एक सांसद के तौर पर उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर प्रकाश डाला, जिनमें ननकाना साहिब कॉरिडोर की वकालत करना, किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी की मांग करना, पंजाब में तेजी से घटते भूजल के मुद्दे को उठाना, भगत सिंह को भारत रत्न देने की सिफारिश करना और कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं।
‘यह केवल एक छोटा सा ट्रेलर’
राघव चड्ढा ने कहा, आम आदमी पार्टी में मेरे उन साथियों के लिए, जिन्हें यह वीडियो जारी करने के लिए मजबूर किया गया कि ‘राघव चड्ढा संसद में पंजाब के मुद्दे उठाने में नाकाम रहे’, यह केवल एक छोटा सा ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है। पंजाब मेरे लिए केवल चर्चा का विषय नहीं है, बल्कि यह मेरा घर है, मेरा कर्तव्य है, मेरी मिट्टी है, मेरी आत्मा है।
राज्यसभा में ‘आप’ के उपनेता पद से हटाने के बाद शुरू हुआ विवाद
बता दें कि विवाद इसी सप्ताह की शुरूआत में राज्यसभा में ‘आप’ के उपनेता पद से राघव चड्ढा को हटाए जाने के बाद शुरू हुआ। इसके बाद, आप सांसद ने पार्टी नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर उनकी आवाज दबाने का आरोप लगाया। राघव चड्ढा की टिप्पणियों के बाद, ‘आप’ के कई नेताओं ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया। उन्होंने कहा कि चड्ढा समझौता कर चुके हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से डरते हैं।
आरोपों को सुनियोजित हमला बताया
राघव चड्ढा (Raghav Chadha) ने शनिवार को राज्यसभा में भी ‘आप’ के उपनेता पद से हटाए जाने के बाद लगे आरोपों का पलटवार किया। उन्होंने इन आरोपों को एक सुनियोजित हमला बताया और उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया कि उन्होंने संसद से वॉकआउट करने या मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया था।
यह भी पढ़ें : Bengal Elections: बंगाल के बहरामपुर में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी पर हमला


