Aaj Samaj 20th Anniversary: पर्यटन ही हिमाचल की असली ताकत, बीजेपी सांसद राजीव भारद्वाज का बड़ा दावा

0
447
Aaj Samaj 20th Anniversary: पर्यटन ही हिमाचल की असली ताकत, बीजेपी सांसद राजीव भारद्वाज का बड़ा दावा
Aaj Samaj 20th Anniversary: पर्यटन ही हिमाचल की असली ताकत, बीजेपी सांसद राजीव भारद्वाज का बड़ा दावा

Aaj Samaj 20th Anniversary, (आज समाज), चंडीगढ़: चंडीगढ़ के होटल ताज में ‘आज समाज’ की 20वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के बीजेपी सांसद राजीव भारद्वाज ने भी शिरकत की और आज समाज परिवार को अखबार के दो दशक के सफल सफर पर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने हिमाचल प्रदेश से जुड़े कई अहम मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।

हिमाचल का भला सिर्फ पर्यटन से ही संभव 

राजीव भारद्वाज ने कहा कि अगर हिमाचल प्रदेश का वास्तविक विकास संभव है तो वह सिर्फ पर्यटन के जरिए ही हो सकता है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में हिमाचल में स्वतंत्र पर्यटन मंत्री नहीं है, जो एक बड़ी कमी है। जब तक पर्यटन क्षेत्र को प्राथमिकता देकर आगे नहीं बढ़ाया जाएगा, तब तक प्रदेश की स्थिति में बड़ा बदलाव संभव नहीं है।

लोकसभा क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन पर दिया जोर

उन्होंने बताया कि अपने लोकसभा क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाओं को लेकर उन्होंने संसद में मजबूती से आवाज उठाई है। राजीव भारद्वाज ने कहा कि उनके क्षेत्र में चार प्रमुख और विश्वविख्यात शक्ति पीठ हैं — मां ज्वाला, मां बगलामुखी, मां चामुंडा और मां बृजेश्वरी। इसके बावजूद इन धार्मिक स्थलों के विकास को लेकर पर्याप्त प्रयास नहीं हो पा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि उन्होंने यह मुद्दा लोकसभा में उठाया, केंद्रीय पर्यटन मंत्री के सामने भी रखा और रेल कनेक्टिविटी की मांग भी की। इस पर केंद्र की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया तो मिली, लेकिन असली अड़चन प्रदेश सरकार के स्तर पर है।

केंद्र फंड दे सकता है, लेकिन प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजना होगा 

राजीव भारद्वाज ने कहा कि केंद्र सरकार केवल धन उपलब्ध करा सकती है, लेकिन इसके लिए डीपीआर और प्रस्ताव (रेजोल्यूशन) प्रदेश सरकार की ओर से भेजे जाने जरूरी हैं। दुर्भाग्य से अब तक हिमाचल सरकार की तरफ से ऐसा नहीं किया गया है।

उन्होंने बताया कि शक्ति पीठों के विकास के लिए केंद्र की प्रसाद योजना और स्वदेश दर्शन योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं मौजूद हैं, जिनके तहत इन धार्मिक स्थलों का कायाकल्प किया जा सकता है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि हिमाचल सरकार की ओर से अब तक एक भी शक्ति पीठ के लिए इन योजनाओं के तहत कोई प्रस्ताव नहीं भेजा गया है।

राजीव भारद्वाज ने कहा कि अगर प्रदेश सरकार गंभीरता से कदम उठाए, तो हिमाचल में धार्मिक पर्यटन के जरिए रोजगार और विकास के नए रास्ते खुल सकते हैं।

ये भी पढ़ें : Aaj Samaj के मंच से राजनीति के दिग्गज आज कई अहम मुद्दों पर रखेंगे अपनी बात

  • TAGS
  • [post_tags]