Kajol (आज समाज, नई दिल्ली): 90 के दशक की मशहूर अदाकारा काजोल इन दिनों एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं बल्कि उनकी जुबान से निकले कुछ शब्द हैं। अपने बेबाक अंदाज़ के लिए जानी जाने वाली काजोल ने हाल ही में एक इवेंट में ऐसा कुछ कह दिया,
जिससे मराठी बनाम हिंदी भाषा विवाद की आग फिर भड़क गई है। सोशल मीडिया पर उनका वीडियो वायरल है, जिसमें उन्होंने हिंदी में बात करने से साफ इनकार कर दिया, और इसके बाद बवाल मच गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलीं – “अब हिंदी बोलूं?”
मुंबई में आयोजित एक अवॉर्ड शो में पहुंचीं काजोल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया से बातचीत मराठी और इंग्लिश भाषा में की। जब कुछ पत्रकारों ने उनसे हिंदी में बात करने का अनुरोध किया, तो काजोल ने मुस्कराते हुए लेकिन तेज लहजे में जवाब दिया – “अब मैं हिंदी बोलूं? जिसको समझना है, वह समझ ले।”
बस, यही एक लाइन सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और हिंदी प्रेमियों ने काजोल को ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने उन्हें ‘घमंडी’ कहा तो कुछ ने उन पर मराठी भाषा को फेवर करने और हिंदी को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।
भाषा विवाद में कूद पड़ीं काजोल?
महाराष्ट्र में पहले से ही हिंदी बनाम मराठी भाषा को लेकर राजनीतिक और सामाजिक बहस चल रही है। ऐसे में काजोल का ये बयान कई लोगों को चुभ गया। कई यूज़र्स ने इसे एक सोच-समझ कर दिया गया पॉलिटिकल स्टैंड बताया, वहीं कुछ लोग काजोल के बचाव में भी सामने आए और बोले – “मराठी मुंबई की भाषा है, काजोल को अधिकार है अपनी पसंदीदा भाषा में बात करने का। हालांकि, काजोल ने अपनी बात में कहीं भी राजनीतिक रंग नहीं दिया, लेकिन सोशल मीडिया की अदालत में कोई बयान सीधे फैसले में तब्दील हो जाता है।
वर्कफ्रंट पर भी दिखा रहा है काजोल का दम
विवादों से हटकर अगर काजोल के प्रोफेशनल फ्रंट की बात करें तो इस साल वह दो फिल्मों में नज़र आईं: “मां (Maa)” – एक सुपरनेचुरल हॉरर थ्रिलर, जिसने सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन किया। “सरजमीन” – ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई इस फिल्म में काजोल ने अपनी गंभीर अदाकारी से दर्शकों का दिल जीता। इसके अलावा, उन्होंने संकेत दिए हैं कि वह मराठी सिनेमा में भी काम कर सकती हैं, बशर्ते स्क्रिप्ट दमदार हो। इससे साफ झलकता है कि काजोल अपने करियर के दूसरे फेज़ में भाषा की सीमाओं को तोड़ना चाहती हैं।