Train Journey Rules(आज समाज) : इंडियन रेलवे, जो दुनिया का चौथा सबसे बड़ा रेल नेटवर्क है, हर दिन लाखों लोगों को देश के अलग-अलग हिस्सों से जोड़ता है। यह न केवल यात्रा का एक सस्ता और सुविधाजनक तरीका है, बल्कि देश की आर्थिक और सामाजिक स्थिति की जीवनरेखा भी है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए, रेलवे कई नियम और गाइडलाइन लागू करता है, जिनका हर यात्री को पालन करना चाहिए।
कुछ चीजों से सुरक्षा को खतरा
रेलवे एक्ट के अनुसार, यात्रियों को ऐसी चीज़ें ले जाने की मनाही है जिनसे सुरक्षा को खतरा हो। इनमें स्टोव, गैस सिलेंडर, पटाखे, ज्वलनशील केमिकल, एसिड, विस्फोटक, ग्रीस, सिगरेट और कच्चा या गीला चमड़ा शामिल हैं। इन चीज़ों से आग लगने या दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) ऐसी चीज़ों की कड़ी जांच और निगरानी करती है।
फलों के साथ सूखा नारियल ले जाना मना
यात्रियों को अक्सर लगता है कि ट्रेनों में फल ले जाना पूरी तरह से सुरक्षित है, लेकिन रेलवे के नियमों में कुछ सीमाएं तय हैं। ट्रेनों में फलों के साथ सूखा नारियल ले जाना मना है। सूखे नारियल का बाहरी रेशेदार हिस्सा बहुत ज्वलनशील होता है और इससे आग लग सकती है।
जेल और जुर्माना
अगर कोई यात्री प्रतिबंधित चीज़ें ले जाते हुए पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है। रेलवे एक्ट की धारा 164 के तहत, ऐसे यात्रियों पर 1,000 रूपए का जुर्माना, तीन साल तक की जेल, या दोनों हो सकते हैं। इसके अलावा, रेलवे को हुए किसी भी नुकसान की भरपाई आरोपी से की जा सकती है।
शराब के नशे में यात्रा करना अपराध है। रेलवे नियमों के अनुसार, शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ के नशे में ट्रेन में यात्रा करना अपराध है। अगर कोई यात्री ऐसा करते हुए पकड़ा जाता है, तो उसका टिकट कैंसिल कर दिया जाएगा और उसे छह महीने तक की जेल, 500रूपए का जुर्माना, या दोनों की सज़ा हो सकती है। ये नियम सभी यात्रियों की सुरक्षा और आराम सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए हैं।
गैस सिलेंडर ले जाना मना
आम तौर पर, ट्रेनों में गैस सिलेंडर ले जाना मना है। हालांकि, अगर किसी यात्री को मेडिकल इमरजेंसी के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर की ज़रूरत है, तो खास परिस्थितियों में इसकी अनुमति दी जा सकती है। यात्री को संबंधित रेलवे अधिकारियों से पहले से अनुमति लेनी होगी। इंडियन रेलवे खुद मेडिकल इमरजेंसी के दौरान ऑक्सीजन देता है।
यह भी पढे : Fake Train Ticket Booking : फर्जी अकाउंट और टिकट बुकिंग को रोकने के लिए रेलवे ने शुरू की बड़ी पहल


