Jind News : योगा फॉर वन अर्थ, वन हैल्थ थीम को लेकर हजारों ने किया योग

0
70
Jind News : योगा फॉर वन अर्थ, वन हैल्थ थीम को लेकर हजारों ने किया योग
सीआरएसयू में आयोजित जिलास्तरीय योग कार्यक्रम में योग करते हुए मंत्री कृष्ण बेदी।
  • भारत के ऋषि, मुनियों की अमूल्य धरोहर है योग : मंत्री कृष्ण बेदी
  • हरियाणा सरकार ने योग के व्यक्तिगत अभ्यास को दिया जन आंदोलन का रूप

(Jind News) जींद। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि योग भारत के ऋषि मुनियों की अमूल्य धरोहर है। योग से शरीर एवं मन,  विचार एवं कर्म, आत्मसंयम एवं पूर्णता की एकात्मकता तथा मानव व प्रकृति के बीच सामंजस्य स्थापित करता है। हरियाणा सरकार ने योग के व्यक्तिगत अभ्यास को एक जन आंदोलन में बदलने का काम किया है। आज प्रदेशभर में लाखों नागरिक योग से जुड़ी गतिविधियों में भाग ले रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया को योग की दिव्यता का आभास करवाया है।

कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी शनिवार को चौधरी  रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में जिला स्तरीय 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को बतौर मुख्यअतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि योग केवल व्यायाम नही है  बल्कि स्वयं के साथ विश्व और प्रकृति के साथ एकत्थ खोजने का भाव है। योग हमारी जीवन शैली में परिवर्तन लाकर हमारे अंदर जागरूकता उत्पन्न करता है तथा प्राकृतिक परिवर्तनों से शरीर में होने वाले बदलावों को सहन करने में सहायक हो सकता है। उन्होंने कहा कि योग का एक अर्थ जोडऩा भी होता है।

हर कोई नकारात्मक सोच से परिपूर्ण

इससे हमें एक-दूसरे को आपस में एक साथ मिलकर काम करने की प्रेरणा लेनी चाहिए। यदि जनप्रतिनिधि व सरकारी अधिकारीगण एक-दूसरे के साथ जुड़ कर काम करेंगे तो प्रदेश की उन्नति में कोई रुकावट नहीं आएगी। आजकल देखने में आ रहा है कि हर कोई नकारात्मक सोच से परिपूर्ण है, जोकि समाज की उन्नति के लिए घातक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि व्यक्ति को दूसरों के लिए निरर्थक नही बल्कि सार्थक बनना चाहिए।

योग की यह सुक्ति हम सभी के लिए मार्गदर्शन करने में बहुत उपयोगी सिद्ध होती है। इसलिए हमें भी अपना जीवन सार्थक बनाने के लिए दूसरों के प्रति अपनी संवेदनाओं को जोड़ कर बोलना चाहिए यही योग है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देश के प्रधानमंत्री ने पहली बार दुनिया को योग की दिव्यता का आभास करवाया और संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा। जिसे दुनिया के 177 देशों ने अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी। जिनमें संसार के 47 से अधिक मुस्लिम देश शामिल थे।

उन्होने भी योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना स्वीकार किया। इसके फलस्वरूप 21 जून को भारत सहित पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाने लगा। उन्होंने कहा कि योग के प्रभाव से ही आज दुनिया में मानवादी ताकत को बत मिला है और दुनिया शांति का मार्ग प्रशस्त कर रही है।

स्वस्थ मनुष्य ही देश के विकास में भागीदार हो सकता

शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ मनुष्य ही देश के विकास में भागीदार हो सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आज योग की पहुंच हरियाणा के जन-जन तक हो गई है। इस वर्ष राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कुरुक्षेत्र में आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं योग गुरु बाबा रामदेव ने शिरकत की।

सरकार ने भी योग को बढ़ावा देने के लिए राज्य में 714 व्यायामशालाओं का निर्माण किया। जिनमें 877 आयुष योग सहायकों की नियुक्ति की जा चुकी है। आज के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 11वें संस्करण का थीम योगा फॉर वन अर्थ, वन हैल्थ है। यह थीम हमें याद दिलाती है कि मानव का स्वास्थ्य पर्यावरण और समस्त जीव जंतुओं के स्वास्थ्य से गहराई से जुड़ा हुआ है।

यह रहे मौजूद

इस अवसर पर डीसी मोहम्मद इमरान रजा, एएसपी सोनाक्षी सिंह, जींद एसडीएम सत्यवान सिंह मान, सीईओ जिप अनिल दून, डीएमसी सुरेंद्र सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष तिजेंद्र ढुल, विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो. रामपाल सैनी, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज, डा. राज सैनी, भारत भूषण टांक, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी अमित रोहिल्ला, गोविंदा सहित  अनेक अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़े : Jind News : 18 घंटे बाद हुआ शराब ठेकेदार के शव का अंतिम संस्कार, पुलिस ने ली राहत की सांस