Tata Steel Manager & Family Suicide, (आज समाज), रांची: झारखंड के सरायकेला खरसावां जिले में टाटा स्टील के वरिष्ठ प्रबंधक ने परिवार सहित आत्महत्या कर ली है। मैनेजर कृष्ण कुमार व उनकी पत्नी के अलावा परिवार में दो बेटियां थीं। चारों के शव घर के अंदर फंदे से लटके पाए गए हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार हाल ही में कृष्ण कुमार को कैंसर होने का पता चला था। बताया जा रहा है कि इसी कारण उन्होंने परिवार समेत मौत को गले लगाया है।
पड़ोसियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी
घटना जिले के गम्हरिया में शुक्रवार की है। कृष्ण कुमार की उम्र 40 वर्ष थी। उन्होंने पत्नी व दोनों बेटियों के साथ घर में फंदा लगाकर अपनी जान दी है। पत्नी डाली देवी 35 साल की थीं। छोटी बेटी मंइयां सात और बड़ी बेटी पिंकी की 15 वर्ष थी।पड़ोसियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पिछले कल शाम को घर का दरवाजा तोड़कर घर के अंदर से चारो लोगों के शव निकाले गए। पड़ोसियों ने बताया कि कृष्ण कुमार कैंसर के साथ अवसाद से भी पीड़ित थे।
मैन आफिस में वरिष्ठ प्रबंधक थे कृष्ण कुमार
सूत्रों के अनुसार कृष्ण कुमार टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट्स के मैन आफिस में वरिष्ठ प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। वह गम्हरिया के चित्रगुप्त नगर में परिवार के साथ रहते थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घर के सभी सदस्यों ने गुरुवार रात को खुदकुशी की है। घटना का पड़ोसियों से शुक्रवार शाम को उस समय लगा जब कृष्ण कुमार के घर से अचानक तेज दुर्गंध आने लगी।
घर का दरवाजा सुबह से बंद था
पड़ोसियों के अनुसार घर का दरवाजा सुबह से बंद था। कोई हलचल भी नहीं थी, इसलिए आसपास के लोगों को किसी अनहोनी का शक हुआ। उन्होंने पुलिस को बताया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़ा तो अंदर एक ही कमरे में अलग-अलग फंदों से चारों लोगों के शव लटके थे। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
गुरुवार शाम तक घर के बाहर देखा गया था परिवार
पड़ोसियों का कहना है कि गुरुवार शाम तक परिवार देखा गया था। कृष्ण कुमार की बेटिंया खेल रही थीं। उनके माता-पिता भी सामान्य स्थिति में दिखे थे। किसी को नहीं ऐसा कुछ लगा था कि वे आत्महत्या कर लेंगे। कृष्ण कुमार के पिता पिता ने बताया कि बेटा कैंसर से पीड़ित था। उसे इलाज के लिए मुंबई ले भी गए थे। डॉक्टरों ने उसे कीमोथेरेपी की सलाह दी और यह सुविधा जमशेदपुर में भी है। यहां अस्पताल में भर्ती कराने की तैयारी की जा रही थी और इसी बीच परिवार ने खुदकुशी कर ली।
ये भी पढ़ें :Jharkhand News: बिजली गिरने से सीआरपीएफ के द्वितीय कमांडेंट की मौत, 3 जवान घायल