Punjab CM News : पंजाब की आध्यात्मिक धरोहर को संभालना हमारा फर्ज : मान

0
91
Punjab CM News : पंजाब की आध्यात्मिक धरोहर को संभालना हमारा फर्ज : मान
Punjab CM News : पंजाब की आध्यात्मिक धरोहर को संभालना हमारा फर्ज : मान

श्री काली माता मंदिर, पटियाला में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और अरविंद केजरीवाल की ओर से 75 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शुभारंभ

Punjab CM News (आज समाज), पटियाला : पंजाब की आध्यात्मिक धरोहर और संस्कृति की संभाल करना हमारा फर्ज है और प्रदेश की मौजूदा सरकार इस कार्य के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। यह शब्द सीएम भगवंत सिंह मान ने श्री काली माता मंदिर, पटियाला में 75 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शुभारंभ करने के अवसर पर कहे। इस दौरान आप सुप्रीमो और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल भी उनके साथ मौजूद थे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मंदिर की आध्यात्मिकता और सुंदरता में वृद्धि करने के लिए प्रमुख तीर्थ स्थलों की तरह सरोवर के पास एक लाइट एंड साउंड शो करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट पर 6.78 करोड़ रुपए की लागत आएगी और इस संबंध में टेंडर जारी कर दिए गए हैं। भगवंत सिंह मान ने आगे कहा कि नई बनी इमारत में 15.11 लाख रुपए की लागत से एक लिफ्ट लगाई जा रही है।

सरोवर के लिए नया रास्ता बनाया जाएगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सरोवर के पास नया रास्ता बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिर की नई इमारत, गलियारा, चारदीवारी, प्रवेश द्वार और सरोवर संबंधी प्रोजेक्ट सामूहिक रूप से शुरू किए गए हैं। सिख और हिंदू परंपराओं के अनुसार आने वाले श्रद्धालुओं, विशेष रूप से दूर-दराज के या आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं के लिए भगवंत सिंह मान द्वारा रोजाना लंगर सेवा शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर के सरोवर का पूर्ण रूप से नवीनीकरण किया जाएगा, जिसमें गाद निकालना, वाटरप्रूफिंग, किनारों के साथ पत्थर का काम और रास्ते की तैयारी शामिल है।

मंदिर की वास्तुकला को और भी निखारा जाएगा

उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट मंदिर की पवित्रता और इसकी विरासती वास्तुकला को बनाए रखते हुए इसकी शान में वृद्धि करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि अक्सर अधिक ट्रैफिक के दौरान उपयोग किए जाने वाले पिछले गेट को फिर से खोलने और इसके नवीनीकरण का प्रस्ताव रखा गया है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मंदिर के सभी प्रवेश द्वारों को पारंपरिक वास्तु कला के अनुसार पुन: डिजाइन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सप्ताह के अंतिम दिनों और नवरात्रि के दौरान, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आमद होती है, तब उनकी सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए बैरिकेड वाली लेन और साइन बोर्डों के साथ एक योजनाबद्ध कतार प्रबंधन प्रणाली शुरू की जाएगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि शहरी योजना और विरासत विशेषज्ञों से परामर्श करके भविष्य की निर्माण, विरासती संरक्षण, तीर्थ यात्रा संबंधी सुविधाएं, स्वच्छता, पार्किंग और ट्रैफिक प्रबंधन को कवर करते हुए व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें : Punjab Breaking News : पंजाब की पिछली सरकारों ने जन महत्व को नहीं समझा : केजरीवाल