India-US Trade Deal : भारत-अमेरिका व्यापार समझौता इसी माह होने की संभावना

0
76
India-US Trade Deal : भारत-अमेरिका व्यापार समझौता इसी माह होने की संभावना
India-US Trade Deal : भारत-अमेरिका व्यापार समझौता इसी माह होने की संभावना

अमेरिका हटा सकता है 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ, अमेरिका पहले ही दे चुका संकेत

India-US Trade Deal (आज समाज), बिजनेस डेस्क : पिछले कई माह से अटका और लगातार चर्चा में रहा भारत-अमेरिका व्यापार समझौता जल्द मूर्त रूप ले सकता है। इसको लेकर जहां अमेरिका की तरफ से स्पष्ट कर दिया गया है कि दोनों देशों में आपसी सहमति बन चुकी है वहीं भारत भी यह मान चुका है कि दोनों देशों के बीच गतिरोध लगभग समाप्त हो चुका है और जल्द ही दोनों देश इस समझौते पर हस्ताक्षर कर सकते हैं।

माना जा रहा है कि अमेरिका भारत पर लगाए गए जुर्माने वाले टैरिफ को हटा देगा। इसके बदले में भारत अमेरिकी सोयाबीन, मक्का और कुछ डेयरी उत्पादों के लिए अपना बाजार खोलेगा। दोनों देश औद्योगिक और कृषि वस्तुओं पर लगने वाले टैरिफ की दरों को अंतिम रूप दे रहे हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह बयान दिया था

हाल ही में, ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका भारत के साथ एक ऐसे समझौते के करीब है जो दोनों देशों के बीच आर्थिक और सुरक्षा संबंधों को बढ़ाएगा। इससे अमेरिका के ऊर्जा निर्यात में बढ़ोतरी होगी और प्रमुख अमेरिकी क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा मिलेगा। ट्रंप ने संवाददाताओं से कहा था, ‘हमें एक उचित सौदा मिल रहा है, बस एक उचित व्यापार सौदा।’ उन्होंने आगे कहा, ‘हम भारत के साथ एक सौदा कर रहे हैं, जो पिछले सौदों से बहुत अलग होगा।’

दोनों देशों के बीच व्यापारिक मतभेदों को सुलझाने के लिए कई दौर की उच्च स्तरीय बातचीत हुई है। ये मतभेद तब बढ़े थे जब अमेरिका ने भारत के चुनिंदा निर्यात पर 50% का टैरिफ लगा दिया था। इस 50% टैरिफ में से 25% रूसी तेल खरीदने के कारण था। हालांकि, अक्टूबर में भारत की ओर से रूसी तेल का आयात पहले ही कम हो गया था। नवंबर से इसमें और भी बड़ी गिरावट की उम्मीद है।

भारत पहले ही मान चुका अमेरिका की यह शर्त

अमेरिकी दबाव के चलते भारत ने पिछले कुछ माह से रूस से आयात किए जाने वाले कच्चे तेल में रिकॉर्ड कमी कर दी है। आने वाले माह में यह और भी कम करने की बात की जा रही है। वहीं भारत ने अब अपनी जरूरतों के हिसाब से खाड़ी देशों व अमेरिका से कच्चा तेल आयात करना शुरू कर दिया है। आपको बता दें कि अमेरिकी राष्टÑपति ने पहले ही भारत को साफ शब्दों में यह चेतावनी दी थी कि जब तक भारत रूस से कच्चा तेल आयात करना बंद नहीं करता तब तक न तो वह भारत से व्यापार समझौता करेंगे और आर्थिक प्रतिबंद भी बढ़ा दिए जाएंगे। जिसके बाद भारत ने रूस से कच्चा तेल आयात लगभग बंद कर दिया है।