Sirsa News: सिरसा में जमीनी विवाद में देवर ने भाभी को कुल्हाड़ी से काटा

0
90
Sirsa News: सिरसा में जमीनी विवाद में देवर ने भाभी को कुल्हाड़ी से काटा
Sirsa News: सिरसा में जमीनी विवाद में देवर ने भाभी को कुल्हाड़ी से काटा

घर की दहलीज पर पड़ी मिली लाश, आरोपी गिरफ्तार
Sirsa News (आज समाज) सिरसा: हरियाणा के सिरसा में जमीन विवाद के चलते एक देवर ने अपनी ही भाभी का कुल्हाड़ी से गला काट दिया। महिला घर पर अकेली रहती थी। लाश घर की दहलीज पर पड़ी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, यह मामला डबवाली खंड के गांव सुकेरा खेड़ा से ढाई किलोमीटर दूर आसा खेड़ा रोड स्थित एक ढाणी (खेत में बना घर) का है। मनफूल सिंह की ढाणी में संजय और गुरमेश रहते हैं। गुरमेश का अपनी पत्नी राममूर्ति से लंबे समय से विवाद चल रहा था।

पति से विवाद के कारण अकेली रहती थी महिला

गुरमेश अपने 2 बेटों को साथ लेकर अपने छोटे भाई संजय के साथ ढाणी में रह रहा था। जबकि, राममूर्ति अकेली अलग घर में रह रही थी। आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया है कि सोमवार रात करीब 9 बने राममूर्ति घर में अकेली थी और उसके घर का दरवाजा बंद था।

दरवाजा खोलते ही कुल्हाड़ी से सिर में किया वार

इसी दौरान आरोपी संजय उसके घर पहुंचा और उसने दरवाजा खटखटाया। जब राममूर्ति ने गेट खोला तो तुरंत संजय ने राममूर्ति के सिर पर कुल्हाड़ी मारी। इसके बाद वह नीचे गिर गई और तड़पकर चीखने-चिल्लाने लगी। इसके तुरंत बाद ही आरोपी ने उसकी गर्दन पर भी कुल्हाड़ी मार दी, जिससे राममूर्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

पड़ोस में रहने वाली महिला ने सरपंच को दी सूचना

भाभी और देवर के बीच हुई वारदात को पास ही रहने वाली एक महिला ने देख लिया। हालांकि, उसे यह नहीं पता था कि संजय ने राममूर्ति की हत्या कर दी है। उसने केवल राममूर्ति की चीख-पुकार सुनी थी और उसके घर से निकलते हुए आरोपी संजय को देखा था। पड़ोसी महिला ने झगड़े की बात अपने पति को बताई। इसके बाद वे सरपंच के पास चले गए। सरपंच ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर आकर देखा तो घर की दहलीज के पास ही महिला का शव लहूलुहान पड़ा था।

पुलिस के पूछने पर कहा- मेरी भाभी से नहीं बनती

इसके बाद पुलिस उस ढाणी में गई, जिसमें संजय रहता था। वहां जाकर पुलिस ने संजय को देखा तो उसके चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। पुलिस ने जब उससे पूछा कि तेरी भाभी के साथ क्या हुआ तो संजय ने कहा- मुझे नहीं पता। मैं तो अपनी ढाणी में ही था। हमारी उससे बनती नहीं है, वो अलग रहती है।

पुलिस के सख्ती से पूछने पर कबूली हत्या की बात

हालांकि, पुलिस उसे पूछताछ के लिए चौकी ले गई। वहां पूछताछ में उसने राममूर्ति की हत्या की बात कबूल कर ली। इस दौरान उनसे यह भी बताया कि उसने हत्या में इस्तेमाल की कुल्हाड़ी भी ढाणी से करीब 100 मीटर दूर दूसरी ढाणी में छिपा दी है।

किसी दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध होने के आरोप लगाकर राममूर्ति को किया अलग

दोनों भाइयों के पास गांव में करीब सात से आठ एकड़ जमीन है। करीब 10 साल पहले पति गुरमेश ने पत्नी राममूर्ति पर किसी दूसरे व्यक्ति के साथ संबंध होने के आरोप लगाकर उसे अपने से अलग कर दिया था। वह तब से एक ढाणी में रही थी। उसके 2 बच्चे हैं जो गुरमेश के साथ ही रहते हैं।

पति से खर्चा मांग रही थी राममूर्ति

वहीं, गुरमेश अपने छोटे भाई संजय के साथ दूसरी ढाणी में रहता है। राममूर्ति कोई नौकरी नहीं करती है, इसलिए वह अपने पति से खर्चा या उसके नाम में जमीन करने का दबाव बना रही थी, लेकिन गुरमेश ने उसे कुछ नहीं दिया। यही मामला कोर्ट में भी चल रहा है।

राममूर्ति के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे

वहीं, डबवाली सदर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया है कि आरोपी संजय को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ जारी है। फिलहाल, मृतका राममूर्ति के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके बाद पोर्स्टमॉर्टम करवाया जाएगा।

यह भी पढ़े : हरियाणा में 10 नए आईएमटी बनेंगे: सीएम नायब सैनी