2022 में 13 प्रतिशत से बढ़कर 2025 में 22 प्रतिशत हुई
Business News Hindi (आज समाज), बिजनेस डेस्क : सबसे सुरक्षित निवेश में से एक सोना माना जाता है। इस बहुमूल्य धातु में न केवल आम आदमी निवेश करने के लिए हमेशा उत्सुक रहता है बल्कि हमारे केंद्रीय बैंक भी इसमें लगातार निवेश करते हुए इसकी खरीदारी करते हैं। यहीं कारण है कि ऊंची कीमतों के बावजूद बुलियन को समर्थन देने वाली सबसे महत्वपूर्ण शक्तियों में से एक सोने की केंद्रीय बैंकों की निरंतर खरीदारी जारी है। वैश्विक केंद्रीय बैंक भंडार में सोने की हिस्सेदारी तेजी से बढ़ी है, जो 2022 में 13 प्रतिशत से बढ़कर 2025 की दूसरी तिमाही तक लगभग 22 प्रतिशत हो गई है, जबकि इसी अवधि में कीमतें दोगुनी से भी ज्यादा हो गई हैं।
ताजा जारी रिपोर्ट में यह आया सामने
एचएसबीसी द्वारा हाल ही में जारी रिपोर्ट मेें इस बात पर जोर दिया कि ऊंची कीमतों ने संस्थागत खरीदारों को हतोत्साहित करने में कोई खास भूमिका नहीं निभाई है। केंद्रीय बैंक विविधीकरण के लिए और भू-राजनीतिक संघर्षों, आर्थिक और राजकोषीय चुनौतियों, बढ़ती मुद्रास्फीति और महत्वपूर्ण राजनीतिक बदलावों से सुरक्षा के लिए सोना खरीद रहे हैं। उनकी निरंतर खरीदारी से मूल्य सीमा तय होने और सोने को ऊंचे स्तर पर बनाए रखने की उम्मीद है। शायद यही कारण है कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के बीच सोने की तेजी थमने का नाम नहीं ले रही है।
उतार-चढ़ाव के दौर के बावजूद धातु ने मजबूती बनाए रखी है और आने वाले महीनों में इसका रुझान सकारात्मक रहने का संकेत मिलता है। एचएसबीसी की थिंक फ्यूचर 2026 रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट के अनुसार सोना अभी भी वैश्विक आर्थिक अनिश्चिता में सबसे प्रभावी बचाव बना हुआ है। साथ ही केंद्रीय बैंकों और खुदरा निवेशकों की ओर से मजबूत मांग लगातार बनी हुई है।
पांच दशकों में किया सबसे बेहतरीन प्रदर्शन
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सोना लगभग पांच दशकों में अपना सबसे बेहतरीन वार्षिक प्रदर्शन दर्ज करने की ओर बढ़ रहा है। धातु ने इस साल अब तक करीब 54 प्रतिशत की उछाल दर्ज की है, जिसे बैंक ने अपने सबसे सफल वर्षों में से एक बताया है। यह तेजी भू-राजनीतिक तनाव, आर्थिक जोखिमों और अमेरिकी डॉलर की कमजोरी की आशंकाओं से मजबूत हुई है। अक्तूबर में, कीमतें 4,380 डॉलर प्रति औंस के सर्वकालिक उच्च स्तर को छू गईं, लेकिन खुदरा निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली के कारण इसमें गिरावट आई।
ये भी पढ़ें: Share Market Update : गिरावट के साथ हुई शेयर बाजार की साप्ताहिक शुरुआत


