सामान्य से 3.8 डिग्री नीचे पहुंचा हरियाणा में रात का तापमान
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा में ठंड ने दस्तक दे दी है। प्रदेश धीरे-धीरे ठंड की जद में आता जा रहा है। सुबह और शाम के समय ठंड महसूस की जाने लगी है। सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने किसानों और आम जनता को सलाह दी है कि धुंध और ठंडी हवाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।
सुबह और शाम का तापमान सामान्य से भी नीचे चला जाता है। सुबह के तापमान के मामले में हिसार कल उत्तर और मध्य भारत के उन टॉप 10 शहरों में शामिल रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड हुआ।
दिन का तापमान भी सामान्य से 2 डिग्री नीचे
दिन का तापमान भी सामान्य से दो डिग्री नीचे चल रहा है। संडे को हिसार और महेंद्रगढ़ की रात जहां 6.8 डिग्री और 6.9 डिग्री के साथ सबसे ठंडी रहीं, वहीं दिन का पारा सिरसा में सबसे अधिक 28.4 डिग्री दर्ज किया गया।
19 को छाए रहेंगे बादल, ठंड में होगा इजाफा
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, हरियाणा में मौसम आमतौर पर 18 नवंबर तक शुष्क रहने की संभावना है। 19 सितंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान बादल छाए रहेंगे और ठंड में कुछ इजाफा हो जाएगा। हालांकि अभी प्रदेश में बारिश को लेकर किसी प्रकार का अलर्ट नहीं है।
हिसार में दर्ज किया गया सबसे कम तापमान
हरियाणा में औसत अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान 28.4 सेल्सियस सिरसा में रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट देखी गई और यह सामान्य से 3.8 सेल्सियस कम रहा। हरियाणा में सबसे कम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस हिसार में दर्ज किया गया।
बारिश की संभावना नहीं
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राज्य में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और आसमान साफ रहेगा। हालांकि, सुबह और देर रात के समय ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट जारी रहेगी।
ये भी पढ़ें: किक बॉक्सर साहिल और जेवलिन थ्रोअर अन्नू कल बंधेंगे शादी के बंधन में


