Is Banana With Milk Good for Health: दूध और केला का कॉम्बिनेशन लंबे समय से लोगों के बीच लोकप्रिय रहा है। खासकर जिम जाने वाले लोग, वजन बढ़ाने की कोशिश करने वाले लोग और बच्चे अक्सर केले का शेक पीना पसंद करते हैं। माना जाता है कि दूध से प्रोटीन और कैल्शियम, जबकि केले से कार्बोहाइड्रेट, पोटैशियम और इंस्टेंट एनर्जी मिलती है। हालांकि आयुर्वेद में दूध और केले को एक साथ लेने को लेकर कुछ सावधानियां बताई गई हैं। आयुर्वेदिक विशेषज्ञों के अनुसार यह फूड कॉम्बो हर व्यक्ति के लिए फायदेमंद नहीं हो सकता और कुछ लोगों में पाचन संबंधी परेशानी पैदा कर सकता है।
इस कॉम्बिनेशन पर क्या कहता है आयुर्वेद?
यूपी के अलीगढ़ आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर और आयुर्वेद एक्सपर्ट डॉ. पीयूष माहेश्वरी ने बताया आयुर्वेद में खाने के संयोजन को पाचन और शरीर में बनने वाले प्रभावों के आधार पर देखा जाता है। दूध को ठंडी तासीर वाला और केला भारी और मीठा फल माना जाता है। दूध और केला साथ लेने से पाचन प्रक्रिया धीमी हो सकती है और कुछ लोगों में कफ दोष बढ़ सकता है। इसके कारण भारीपन, पेट फूलना, गैस या अपच जैसी समस्याएं महसूस हो सकती हैं। यह ध्यान रखना जरूरी है कि खाने का असर व्यक्ति की प्रकृति, पाचन क्षमता, उम्र और लाइफस्टाइल पर भी निर्भर करता है। हर व्यक्ति में दूध और केला खाने से एक जैसी प्रतिक्रिया नहीं होती है। कुछ लोगों के लिए दूध और केला का कॉम्बो फायदेमंद भी हो सकता है।
इस बारे में क्या है मॉडर्न साइंस की राय?
फूड एक्सपर्ट्स की मानें तो दूध और केला दोनों ही पोषक तत्वों से भरपूर फूड्स हैं। केले में फाइबर, पोटैशियम और नेचुरल शुगर होती है, जबकि दूध में प्रोटीन, कैल्शियम और अन्य पोषक तत्व पाए जाते हैं। वैज्ञानिक दृष्टि से ऐसा कोई मजबूत प्रमाण नहीं है कि दूध और केला साथ खाने से सेहत को नुकसान होता है। कई लोगों के लिए केला मिल्क शेक बैलेंस्ड डाइट का हिस्सा हो सकता है। जिन लोगों को ज्यादा कैलोरी और एनर्जी की जरूरत होती है, उनके लिए यह कॉम्बो फायदेमंद साबित हो सकता है। हालांकि जिन लोगों को लैक्टोज इनटॉलरेंस, सेंसिटिव स्टमक या पाचन संबंधी समस्या है, उन्हें इसे अवॉइड करना चाहिए.
दूध-केला किन लोगों के लिए परेशानी
कुछ लोगों में दूध और केला साथ लेने के बाद पेट में भारीपन या गैस बनना, पेट फूलना और अपच, लैक्टोज इनटॉलरेंस के कारण पेट दर्द या दस्त, अधिक कैलोरी लेने से वजन बढ़ने की समस्या हो सकती है। ऐसे लोगों को दूध और केला अलग-अलग समय पर लेने या अपनी डाइट में बदलाव करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह लेनी चाहिए। अगर किसी व्यक्ति को दूध और केला खाने से कोई परेशानी नहीं होती, तो इसे संतुलित मात्रा में लिया जा सकता है। बेहतर है कि ताजे केले और सामान्य दूध का उपयोग करें और अपने शरीर की प्रतिक्रिया पर ध्यान दें।


