
परमवीर चक्र के लिए 2 करोड़ रुपए, महावीर चक्र और अशोक चक्र के लिए 1-1 करोड़ रुपए की कैश मनी की निर्धारित
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: युद्ध में शहीद हुए हरियाणा के अग्निवीरों के परिजनों को सरकार द्वारा 1 करोड़ रुपए का कैश अवॉर्ड दिया जाएगा। युद्ध में शहीद जवानों में वे कर्मी शामिल हैं, जो आॅपरेशनल क्षेत्रों या युद्ध, आतंकवादी, उग्रवादी हमले या सीमा पर झड़पों और संयुक्त राष्ट्र शांति सेना में सेवा करते हुए अपने आधिकारिक कर्तव्यों के दौरान शहीद हो जाते हैं।
इसके अलावा हरियाणा सरकार द्वारा परमवीर चक्र के लिए 2 करोड़ रुपए, महावीर चक्र और अशोक चक्र के लिए 1-1 करोड़ रुपए निर्धारित किया गया है। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। यदि किसी अन्य राज्य सरकार द्वारा पुरस्कार विजेता (अग्निवीर) को उसी पुरस्कार के लिए समान अनुदान दिया गया हो तो एकमुश्त नकद पुरस्कार स्वीकार्य नहीं होगा।
आधार लिंक्ड बैंक खातों में आरटीजीएस के माध्यम से किया जाएगा भुगतान
सैनिक एवं अर्ध सैनिक कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार द्वारा जारी अधिसूचना में आगे कहा गया है कि पुरस्कार विजेताओं (अग्निवीर) को एकमुश्त नकद पुरस्कार स्वीकृत करने के लिए सक्षम प्राधिकारी प्रशासनिक सचिव, सैनिक एवं अर्ध सैनिक कल्याण विभाग, हरियाणा हैं, और इसका भुगतान संबंधित उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला सैनिक एवं अर्ध सैनिक कल्याण कार्यालय द्वारा लाभार्थियों के आधार-लिंक्ड बैंक खातों में आरटीजीएस के माध्यम से किया जाएगा।
वीर चक्र पुरस्कार विजेताओं को मिलेंगे 50 लाख
एकमुश्त नकद पुरस्कार के लिए अधिसूचना में कहा गया है कि युद्धकालीन वीरता पुरस्कारों में वीर चक्र पुरस्कार विजेताओं को 50 लाख रुपए, सेना पदक और समकक्ष पुरस्कार विजेताओं को 21 लाख रुपए और मेंशन-इन-डिस्पैच (वीरता) पुरस्कार विजेताओं को 10 लाख रुपए मिलेंगे।
कीर्ति चक्र पुरस्कार विजेताओं को दिया जाएगा 51 लाख का कैश अवॉर्ड
शांति काल के वीरता पुरस्कारों में कीर्ति चक्र पुरस्कार विजेताओं को 51 लाख रुपए और शौर्य चक्र पुरस्कार विजेताओं को 31 लाख रुपए मिलेंगे। इसके अलावा, वायुसेना और नौसेना में सेना पदक और इसके समकक्ष, साथ ही राष्ट्रपति तटरक्षक पदक को 10 लाख रुपए मिलेंगे। मेंशन-इन-डिस्पैच को 7.50 लाख रुपए और तटरक्षक पदक विजेताओं को 6 लाख रुपए मिलेंगे।
सेना पदक सहित विशिष्ट सेवा पुरस्कारों से सम्मानित व्यक्ति को भी मिलेगा कैश अवॉर्ड
सेना पदक सहित विशिष्ट सेवा पुरस्कारों से सम्मानित व्यक्ति को 1.75 लाख रुपए का एकमुश्त नकद पुरस्कार मिलेगा। विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति तटरक्षक पदक और तटरक्षक पदक से सम्मानित व्यक्ति को क्रमश: 1.75 लाख रुपए और 1.50 लाख रुपए का नकद पुरस्कार मिलेगा।
यह भी पढ़े : हरियाणा में बारिश का अलर्ट