तीरंदाजी में 2 स्वर्ण और एक रजत पदक पर साधा निशाना
Kaithal News (आज समाज) कैथल: हरियाणा के कैथल के तीरंदाज हरविंद्र सिंह ने पैरा एशियन आर्चरी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 स्वर्ण और एक रजत पदक पर निशाना साधा। यह प्रतियोगिता बीजिंग में एक से छह जुलाई 2025 तक आयोजित की गई थी। हरविंदर ने व्यक्तिगत रिकर्व ओपन स्पर्धा में थाईलैंड के तीरंदाज नेटसिरी को 7-1 से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया।
मिक्स्ड टीम इवेंट में हरियाणा की भावना के साथ जोड़ी बनाकर उन्होंने चीन की टीम को 5-4 से हराकर दूसरा स्वर्ण पदक जीता। वहीं, पुरुष टीम स्पर्धा में भारतीय टीम को चीन के खिलाफ 4-5 के स्कोर से हार का सामना करना पड़ा, जिसके कारण उन्हें रजत पदक से संतुष्ट होना पड़ा।
पैरालंपिक में भी स्वर्ण पदक जीत चुका हरविंद्र
हरविंदर के कोच ने बताया कि हरविंदर सिंह ने 2024 में फ्रांस के पेरिस में आयोजित पैरालंपिक खेलों में पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व ओपन स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। फाइनल में उन्होंने पोलैंड के लुकास सिसजेक को सीधे सेटों में हराया और चार बार लक्ष्य के केंद्र पर सटीक निशाना लगाया। यह उपलब्धि उन्हें भारत का पहला पैरालंपिक तीरंदाजी स्वर्ण पदक विजेता बनाती है।
देश को किया गौरवान्वित
हरविंदर की इस सफलता ने न केवल कैथल बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उनकी मेहनत और समर्पण युवा तीरंदाजों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। स्थानीय निवासियों और खेल प्रेमियों ने उनकी इस उपलब्धि की सराहना की है।
यह भी पढ़े : कुरुक्षेत्र में थाने के बाहर सब इंस्पेक्टर की धुनाई