Gurugram News : वन नेशन वन इलेक्शन है राष्ट्रहित का विचार: नायब सिंह सैनी

0
155
One Nation One Election is an idea in national interest Nayab Singh Saini
गुरुग्राम में एक राष्ट्र एक चुनाव के प्रति जागरुकता के लिए रन को झंडी दिखाकर रवाना करते सीएम नायब सिंह सैनी।

(Gurugram News) गुरुग्राम। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि एक राष्ट्र-एक चुनाव (वन नेशन वन इलेक्शन) सिर्फ एक राजनीतिक विचार नहीं है, यह राष्ट्रहित का विचार है। यह समय, संसाधन और जन-भागीदारी को और अधिक सशक्त करने वाला विचार है। यह बात उन्होंने रविवार को गुरुग्राम में एक राष्ट्र-एक चुनाव थीम पर आयोजित गुरुग्राम रन को रवाना करने से पूर्व अपने संबोधन में कही। कार्यक्रम में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल कौशिक समेत कई विधायक व नेता मौजूद रहे।

वन नेशन-वन इलेक्शन प्रधानमंत्री के उसी सपने की कड़ी है, जिसे हमने एक भारत श्रेष्ठ भारत के रूप में देखा है

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह वह विचार है जिसके अनुसार जब एक राष्ट्र एक साथ चलता है, तब वह हर बाधा को पार कर सकता है। जब देश एक साथ सोचता है, तब वह हर संकट का समाधान निकाल सकता है। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र-एक चुनाव सिर्फ एक नारा नहीं है, बल्कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस समग्र सोच का प्रतीक है, जो एकता में शक्ति को मानती है। वन नेशन-वन इलेक्शन प्रधानमंत्री के उसी सपने की कड़ी है, जिसे हमने एक भारत श्रेष्ठ भारत के रूप में देखा है। यह विचार देश के हर नागरिक को एक समान अवसर देता है, एक साथ आगे बढऩे की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में चुनाव एक समय पर कराने से चुनावों पर आने वाला खर्च कई गुणा कम हो सकता है। प्रशासनिक मशीनरी का बेहतर उपयोग हो सकता है।

साथ ही विकास की रफ्तार बिना रुके आगे बढ़ सकती है। गुरुग्राम रन में भाग ले रही युवा शक्ति इस बात का प्रतीक है कि भारत का भविष्य जाग चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा यह दौड़ सिर्फ शरीर की फिटनेस की नहीं, लोकतंत्र की फिटनेस का भी प्रतीक है।मुख्यमंत्री ने कहा कि वन नेशन-वन इलेक्शन को सफल बनाना है, तो हमें नवाचार की, संवाद की और संवेदनशीलता की जरूरत है। उन्होंने युवा शक्ति से आह्वान किया कि वे कॉलेजों में, गांव की चौपालों में, सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा कर एक सार्थक माहौल बनाने में सहभागी बने। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ सरकार का काम नहीं है। यह राष्ट्र निर्माण का कार्य है, जिसमें हर नागरिक की भूमिका अनिवार्य है।

गुरुग्राम से निकली प्रेरणा बन सकती है परिवर्तन का संकल्प

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरुग्राम सिर्फ एक आधुनिक शहर नहीं है। यह भारत की नव-उद्यमिता, तकनीकी विकास और युवा सशक्तिकरण का प्रतीक है। आधुनिक तकनीक, नवाचार और कौशलयुक्त युवाओं की शक्ति का केंद्र बन चुके माता शीतला की इस पावन धरा से निकली प्रेरणा पूरे हरियाणा में और फिर पूरे भारतवर्ष में परिवर्तन का संकल्प बन सकती है। उन्होंने कहा कि यह विचार राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठकर, राष्ट्रीय प्राथमिकता बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सिर्फ फिटनेस के लिए नहीं है, यह फ्यूचरनेस के लिए है।

युवाओं का समर्थन अनिवार्य: गौरव गौतम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ की गई एक राष्ट्र, एक चुनाव की मुहिम में युवाओं की भागीदारी और समर्थन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्तरों के चुनाव बार-बार कराए जाने से न केवल आर्थिक संसाधनों पर दबाव पड़ता है, बल्कि इससे विकास की निरंतरता भी बाधित होती है। इस अवसर पर पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल कौशिक, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, गुरुग्राम की मेयर राज रानी मलोहत्रा, गुरुग्राम के जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी तथा हरियाणा सीएसआर ट्रस्ट के पूर्व सीईओ बोधराज सीकरी मौजूद रहे।

Gurugram News : मेरा भारत स्वस्थ भारत अभियान के तहत लगाया स्वास्थ्य शिविर, किया वृक्षारोपण