Guru Charan Yatra : चरण सुहावे यात्रा दिल्ली से पटना साहिब तक आध्यात्मिक सेतु : मुख्यमंत्री

0
106
Guru Charan Yatra : चरण सुहावे यात्रा दिल्ली से पटना साहिब तक आध्यात्मिक सेतु : मुख्यमंत्री
फरीदाबाद के एनआईटी-5 स्थित गुरु दरबार साहिब गुरुद्वारा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत करते हुए विधायक मूलचंद शर्मा व कमेटी के पदाधिकारी।
  • ‘चरण सुहावे’ गुरु चरण यात्रा का फरीदाबाद में हुआ भव्य स्वागत
  • फरीदाबाद की धरा बनी श्रद्धा, एकता और सेवा की प्रतीक

Faridabad News(आज समाज) फरीदाबाद। हरियाणा की पावन धरती आज एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण की साक्षी बनी, जब सरबंसदानी दशम पातशाह गुरु गोबिंद सिंह महाराज और माता साहिब कौर के पवित्र जोड़ा साहिब की ‘चरण सुहावे गुरु चरण यात्रा’ का फरीदाबाद में भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धा, भक्ति और एकता का यह अनुपम संगम शहर के प्रत्येक कोने में दिखाई दिया।

मुख्यमंत्री ने यात्रा की रवानगी से पहले गुरुद्वारा में मत्था टेका और अरदास सुनी

इस स्वागत कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिकरत की। मुख्यमंत्री ने फरीदाबाद के एनआईटी-5 स्थित गुरु दरबार साहिब गुरुद्वारा में चरण सुहावे गुरु चरण यात्रा का स्वागत किया। नायब सिंह सैनी ने यात्रा के साथ चल रहे केंद्रीय मंत्री सरदार हरदीप सिंह पुरी का हरियाणा आगमन पर स्वागत किया। उन्होंने गुरु दरबार साहिब गुरुद्वारा में साध- संगत और यात्रा की अगवानी करने वाले पंज प्यारों का भी पटका ओढ़ा कर सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने यात्रा की रवानगी से पहले गुरुद्वारा में मत्था टेका और अरदास सुनी।

इसके उपरांत उन्होंने पवित्र जोड़ा साहिब के भी दर्शन किए। इससे पहले शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य सरदार रविंदर सिंह राणा, गुरु दरबार साहिब गुरुद्वारा के प्रधान सरदार इंदर जीत सिंह व सिख समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया ।

महान यात्रा का पहला विश्राम स्थल फरीदाबाद रहा

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि दिल्ली से आरंभ होकर बिहार स्थित तख्त हरमंदिर पटना साहिब तक जाने वाली इस महान यात्रा का पहला विश्राम स्थल फरीदाबाद रहा। दिल्ली का प्रवेश द्वार कहे जाने वाला यह शहर आज गुरु चरणों की धूल से पावन हो उठा है। जिस नगर में गुरु के पवित्र चरण रुकें, वह नगर अपने आप ही तीर्थ बन जाता है, और आज फरीदाबाद, लाखों श्रद्धालुओं के लिए एक महान तीर्थ स्थल बन चुका है।

गुरु गोबिंद सिंह त्याग, वीरता और न्याय के प्रतीक

नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज जब यह पवित्र जोड़ा साहिब यहां पहुंचा है तो दशमेश पिता का सम्पूर्ण तेज, त्याग और बलिदान हमारे बीच साकार हो उठा है। उन्होंने धर्म, राष्ट्र और मानवता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। गुरु गोबिंद सिंह ने मुगल अत्याचार के विरुद्ध बलिदान दिया। उन्होंने अन्याय से लड़ने के लिए एक साधारण मनुष्य को खालसा बनाया, एक ऐसी शक्ति बनाया जिसका संकल्प धर्म की रक्षा और निर्बलों की सहायता करना था। यह जोड़ा साहिब हमें उनकी उस महान प्रतिज्ञा की याद दिलाता है कि सवा लाख से एक लड़ाऊं, तबै गोबिंद सिंह नाम कहाऊं। यह प्रतिज्ञा केवल युद्ध की नहीं थी, बल्कि आत्म-सम्मान, साहस और न्याय की थी, जो आज भी हर भारतीय के लिए जीवन का मूल मंत्र है।

माता साहिब कौर करुणा और शक्ति की प्रतिमूर्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यात्रा में माता साहिब कौर का भी पवित्र जोडा साहिब शामिल है। माता साहिब कौर जी को खालसा पंथ की मां होने का गौरव प्राप्त है। जब गुरु जी ने खालसा पंथ की स्थापना की, तो उन्होंने माता साहिब कौर से अमृत में पताशे डलवाए, ताकि खालसा के अनुयायियों में वीरता के साथ-साथ मिठास और करुणा भी बनी रहे।

चरण सुहावे यात्रा दिल्ली से पटना साहिब तक आध्यात्मिक सेतु

नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह चरण सुहावे’ यात्रा दिल्ली, जो भारत की राजधानी है, और पटना साहिब, जो गुरु गोबिंद सिंह जी की जन्मभूमि है, के बीच एक सांस्कृतिक और आध्यात्मिक सेतु का निर्माण कर रही है।
इस दौरान पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, बल्लभगढ़ के विधायक मूलचंद शर्मा, बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, पूर्व कैबिनेट मंत्री, नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, भाजपा फरीदाबाद जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल और बल्लभगढ़ से भाजपा अध्यक्ष सोहन पाल छोकर, हरियाणा राज्य महिला अध्यक्ष रेनू भाटिया, पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार अजय गौड़, मीडिया समन्वयक मुकेश वशिष्ट, एडीसी सतबीर मान, एसडीएम बडख़ल त्रिलोक चंद, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य सरदार रविंद्र सिंह राणा, गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रधान सरदार इंदरजीत सिंह, गुरुप्रसाद सिंह, सरदार राणा भट्टी सहित जिला के तमाम आलाधिकारी और अन्य कई गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।

यह भी पढे : Faridabad News : शहीदों को नमन कार्यक्रम के तहत शहीद पुलिस जवान योगराज मेहता को याद किया