Jhajjar News: झज्जर के पूर्व विधायक हरिराम वाल्मीकि का निधन

0
91
Jhajjar News: झज्जर के पूर्व विधायक हरिराम वाल्मीकि का निधन
Jhajjar News: झज्जर के पूर्व विधायक हरिराम वाल्मीकि का निधन

2005 में झज्जर शहर से कांग्रेस की टिकट पर विधायक बने थे हरिराम वाल्मीकि
Jhajjar News (आज समाज) झज्जर: हरियाणा के झज्जर से 2005 में कांग्रेस की टिकट पर विधायक बने हरिराम वाल्मीकि का गत रात्रि करीब 1 बजे निधन हो गया। 76 वर्षीय हरिराम लंबे समय से बीमार चल रहे थे। हरिराम ने झज्जर स्थित अपने घर पर ही आखरी सांस ली। हरिराम वाल्मीकि शुगर, ब्लड प्रेशर और हार्ट की समस्या से पीड़ित थे। झज्जर हलके से पूर्व विधायक हरिराम वाल्मीकि का जन्म अगस्त 1949 में पिता कुंदनलाल के घर हुआ था। उन्होंने साल 1980 में राजनीति में कदम रखा।

तब उन्होंने कांग्रेस के एक कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीति शुरू की। वह 2 बार पार्षद का चुनाव लड़े, लेकिन दोनों चुनाव हार गए। हरिराम के 2 बेटे सतीश और मनोज हैं। बड़े बेटे सतीश राजनीति में सक्रिय थे लेकिन 2013 में उनकी सड़क हादसे में मौत हो गई। उनका छोटा बेटा मनोज सहकारी बैंक में क्लर्क के पद पर नौकरी करते हैं।

360 वाल्मीकि खाप के प्रधान भी रहे हरिराम

इसके बाद 2000 में उन्होंने कांग्रेस से टिकट मांगी थी। मगर, टिकट नहीं मिली तो उन्होंने निर्दलीय दावा ठोक दिया। उन्होंने इसके लिए नॉमिनेशन भी भर दिया था, लेकिन बाद में कांग्रेस ने उन्हें मना लिया। इसके बाद 2005 में वह कांग्रेस के टिकट पर झज्जर शहर से विधायक बने। हरिराम वाल्मीकि 360 वाल्मीकि खाप के प्रधान भी रहे।

2009 में कांग्रेस से नहीं मिली टिकट, नाराज होकर हलोपा में हुए शामिल

2005 से 2009 तक झज्जर शहर से विधायक रहने के बावजूद कांग्रेस ने 2009 में उनका टिकट काटकर गीता भुक्कल को दे दिया। इससे हरिराम नाराज हो गए। उन्होंने पूर्व गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा की हरियाणा लोकहित पार्टी (हलोपा) जॉइन कर ली।

2014 में भाजपा में हुए शामिल, दीपेंद्र ने मनाकर कांग्रेस में शामिल कराया

हालांकि वहां 2 महीने रहने के बाद वे फिर कांग्रेस में आ गए। इसके बाद साल 2014 में उन्होंने विधानसभा चुनाव से 3 महीने पहले भाजपा जॉइन कर ली। मगर, रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने वोटिंग से एक महीने पहले मातनहेल की चुनावी सभा में उन्हें वापस कांग्रेस में शामिल कर लिया।

ये भी पढ़ें : हरियाणा में आज फिर होगी बारिश

ये भी पढ़ें : मनी लॉन्ड्रिंग केस में फरार चल रहे हरियाणा कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर को ईडी ने किया गिरफ्तार