Punjab News : हर साल बाढ़ का सामना करना पंजाब की त्रासदी : बरिंदर गोयल

0
84
Punjab News : हर साल बाढ़ का सामना करना पंजाब की त्रासदी : बरिंदर गोयल
Punjab News : हर साल बाढ़ का सामना करना पंजाब की त्रासदी : बरिंदर गोयल

कहा, सिंधु जल संधि से जुड़ी नदियों से पंजाब को मिले पानी

Punjab News (आज समाज), चंडीगढ़ : पंजाब के कैबिनेट मंत्री बिरेंद्र गोयल ने कहा है कि हर साल बाढ़ का सामना करना हमारी त्रासदी है। उन्होंने कहा कि पंजाब के नदी जल का उपयोग गैर-तटीय राज्य भी करते हैं और केवल पंजाब ही बाढ़ से प्रभावित होता है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पंजाब के पानी के लिए कड़ी लड़ाई लड़ रही है।

उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए यह भी कहा कि केंद्र सरकार को सिंधु जल संधि को रद्द करने के अपने बयान पर कायम रहना चाहिए और सिंधु जल संधि से संबंधित नदियों का पानी पंजाब को मिलना चाहिए और पंजाब की जरूरतें पूरी करने के बाद अतिरिक्त पानी हरियाणा को दिया जाना चाहिए, जिससे दोनों राज्यों के किसान समृद्ध होंगे।

नदियों के जलस्तर पर सरकार की नजर

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि संभावित बाढ़ के मद्देनजर नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। बाढ़ को रोकने के लिए पंजाब सरकार द्वारा नदियों के किनारों को चौड़ा और मजबूत किया गया है, जिससे एक तो टूटने की संभावना बहुत कम हो गई है, दूसरा, जरूरत पड़ने पर नदियों के किनारों पर मशीनरी आसानी से चल सकेगी। प्रशासन ने जरूरी रेत की बोरियां तैयार रखी हैं। इसके साथ ही लोहे की जालियों का भी पूरा इंतजाम किया गया है।

बाढ़ की चेतावनी मिलते ही बचाव कार्य शुरू होंगे

गोयल ने कहा कि बाढ़ की चेतावनी मिलते ही संबंधित लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा। राज्य में अलग-अलग नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। राहत शिविरों की सूची, संचार योजना, हॉटस्पॉट स्थानों की सूची भी तैयार है। कृषि विभाग और पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए हरे और सूखे चारे का इंतजाम करने के लिए कहा गया है। गोयल ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा हर खेत तक नहरी पानी पहुंचाने के वादे के अनुसार किए गए काम से कई खेतों को लगभग 30 साल बाद नहरी पानी मिला है।