Ayushman Khurrana threat: बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना को धमकी देने के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है। क्राइम ब्रांच ने इस मामले में वैभव मिश्रा नाम के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जो बेंगलुरु में एक IT प्रोफेशनल है। पुलिस उसे पूछताछ के लिए बेंगलुरु से मुंबई ला रही है। उसने आयुष्मान के अलावा बॉलीवुड के कई और सेलिब्रिटीज को भी धमकी दी है।
लॉरेंस बिश्नोई से कोई कनेक्शन नहीं
इस मामले में सबसे अहम बात यह सामने आई है कि आरोपी वैभव मिश्रा का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं है। दरअसल, आयुष्मान खुराना को भेजे गए धमकी भरे ऑडियो क्लिप में मैसेज भेजने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया था। ऑडियो में अभिनेता से करोड़ों रुपये की मांग भी की गई थी। इसके बाद, मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उसका बिश्नोई गैंग से कोई कनेक्शन नहीं मिला है।
कई अन्य लोगों को भी धमकाया
मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने आईटी इंजीनियर वैभव मिश्रा को बेंगलुरु से हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने आयुष्मान खुराना के अलावा कुछ अन्य लोगों को भी धमकी भरे मैसेज भेजे थे। जांच में सामने आया है कि वह पिछले कुछ दिनों से फिल्मी सितारों को निशाना बना रहा था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने किन-किन लोगों को धमकियां दी थीं और इसके पीछे उसका मकसद क्या था।
पहले भी कई सितारों को मिली धमकी
गौरतलब है कि ये कोई पहला मामला नहीं जब किसी फिल्म स्टार्स को धमकी मिली है। इससे पहले और भी कई बड़ी हस्तियों को लॉरेंस बिश्नोई की तरफ से धमकी मिल चुकी है। इसी साल की शुरुआत में फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग भी हुई थी। वहीं, पिछले महीने जुहू के एक ग्राउंड के बाहर एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर भी गोलीबारी हुई थी।


