Punjab News: पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा और उनके परिवार के ठिकानों पर बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की। यह छापेमारी सरकारी संपत्तियों पर कथित कब्जे और अन्य आरोपों से जुड़े मनी लॉड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में की गई।
सात जगहों पर हुई छापेमारी
अधिकारियों ने बताया कि विधायक से जुड़ी कुल सात जगहों पर छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि आप की पंजाब इकाई की महिला शाखा की अध्यक्ष एवं मोगा से विधायक अरोड़ा, उनके परिजनों, सहयोगियों और उनके पति डॉ. राकेश अरोड़ा से जुड़े एक नशामुक्ति अस्पताल सहित कई स्थानों की तलाशी ली गई।
पीएमएलए के तहत दर्ज है मामला
मनीलांड्रिंग निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत दर्ज ED का यह मामला पंजाब पुलिस की जून 2024 की उस प्राथमिकी से संबद्ध है, जिसमें राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 754ए के लिए अधिग्रहित सरकारी भूमि के फर्जी दाखिल-खारिज और मोगा जिले में मुआवजे के गलत वितरण का आरोप लगाया गया था। ED की यह कार्रवाई अगले साल की शुरुआत में प्रस्तावित पंजाब विधानसभा चुनावों से ठीक पहले हुई है।


