Koffee With Karan 9: कब शुरू होगा ‘कॉफी विद करण 9’? कौन होगा शो का पहला गेस्ट?

0
99

Salman Khan koffee With Karan 9: करण जौहर के चर्चित टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ के सीजन 9 को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो का नया सीजन इस साल दिवाली के आसपास शुरू हो सकता है. इसी बीच शो के पहले एपिसोड के गेस्ट को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि सलमान खान सीजन 9 के ओपनिंग एपिसोड में नजर आएंगे.

खास बात यह है कि इस बार सलमान किसी स्टार या परिवार के सदस्य के साथ नहीं, बल्कि अकेले करण जौहर के सामने बैठकर उनके सवालों का जवाब देते दिखाई देंगे.

पहले भी शो का हिस्सा रह चुके हैं सलमान

सलमान खान का ‘कॉफी विद करण’ से पुराना रिश्ता रहा है. शो के शुरुआती तीन सीजन में वह नजर नहीं आए थे. हालांकि, चौथे सीजन के पहले एपिसोड में सलमान ने एंट्री की थी. उस दौरान वह अपने पिता और मशहूर लेखक सलीम खान के साथ पहुंचे थे.

इसके बाद सलमान सीजन 5 के छठे एपिसोड में भी दिखाई दिए थे. यह एपिसोड खास था, क्योंकि यह शो का 100वां एपिसोड था. इस मौके पर सलमान अपने दोनों भाइयों अरबाज खान और सोहेल खान के साथ पहुंचे थे.

प्रीमियर एपिसोड को लेकर क्या बोले सोर्स?

वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट में एक सोर्स के हवाले से सलमान खान के शो में आने की जानकारी दी गई है. सोर्स ने बताया, “सलमान ने करण जौहर से कह दिया है कि वो प्रीमियर एपिसोड पर आ रहे हैं. हालांकि बाकी डिटेल अभी सामने नहीं आई है. उन्होंने तय किया है कि इस साल सलमान अकेले ही शो पर आएंगे.”

जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा शो

हर साल की तरह ‘कॉफी विद करण 9’ भी जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होने की बात सामने आई है. इस बार शो के फॉर्मेट में बदलाव और सेगमेंट्स को छोटा करने की तैयारी है. रिपोर्ट्स के अनुसार, हिंदी फिल्म सितारों के अलावा साउथ के कलाकारों और ओटीटी व डिजिटल क्रिएटर्स को भी शो में जगह मिल सकती है.

‘मॉन्स्टर’ की शूटिंग में व्यस्त हैं सलमान

वर्कफ्रंट पर सलमान खान फिलहाल निर्देशक वामशी पैडिपल्ली की आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं. फिल्म को ‘मॉन्स्टर’ नाम से बताया जा रहा है, हालांकि मेकर्स ने अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की है. फिल्म को साउथ के चर्चित निर्माता दिल राजू प्रोड्यूस कर रहे हैं. इस फिल्म में पहली बार सलमान खान और नयनतारा की जोड़ी देखने को मिलेगी.

  • TAGS
  • [post_tags]