चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत, सीजेआई ने कहा- कोई अच्छी फिल्म बनाइए

0
78

Entertainment News: चेक बाउंस मामले में अभिनेता राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है। कोर्ट ने उनकी ओर से पेश उस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है जिसमें पुश्तैनी संपत्ति बेचकर बकाया रकम चुकाने की बात कही गई है। अभिनेता ने कोर्ट को बताया कि उनके पास 1.15 करोड़ रुपये की रकम तैयार है, जिसे वह बुधवार को डिमांड ड्राफ्ट के जरिए जमा कर सकते हैं। वहीं उनकी पुश्तैनी संपत्ति के संभावित खरीदार ने भी 85 लाख रुपये देने की सहमति जताई है। इस तरह शुरुआती तौर पर दो करोड़ रुपये जमा करने की तैयारी है।

डीडी के जरिए देंगे 85 लाख

वहीं अभिनेता की पुश्तैनी संपत्ति के संभावित खरीदार अनंत प्रकाश यादव भी कोर्ट में मौजूद थे। उन्होंने 85 लाख रुपये डिमांड ड्राफ्ट के जरिए जमा करने की इच्छा जताई। कोर्ट ने कहा कि यह रकम सोमवार को जमा होने के बाद राजपाल यादव को आगे की प्रक्रिया के तहत सशर्त राहत दी जा सकती है। अदालत इसके बाद बाकी बकाया रकम चुकाने के लिए एक समय-सारणी भी तय करेगी।

पितृ पक्ष के कारण रुकी रजिस्ट्री

राजपाल यादव के वकील ने कोर्ट को बताया कि अभिनेता की पुश्तैनी संपत्ति का एक खरीदार मिल चुका है, लेकिन फिलहाल पितृ पक्ष चलने के कारण वह बिक्री दस्तावेजों का पंजीकरण नहीं कराना चाहता। खरीदार नवरात्र शुरू होने के बाद संपत्ति की रजिस्ट्री कराने की इच्छा रखता है। हालांकि वह फिलहाल 85 लाख रुपये बतौर अग्रिम भुगतान देने को तैयार है।

‘कोई अच्छी फिल्म बनाइए’

राजपाल यादव ने कोर्ट में भावुक होकर कहा कि वह अब तक करीब ढाई सौ फिल्मों में काम कर चुके हैं और उनका काफी पैसा डूब चुका है। उन्होंने कहा कि पांच करोड़ रुपये के इस मामले ने उन्हें बहुत नुकसान पहुंचाया है। इस पर मुख्य न्यायाधीश ने हल्के अंदाज में उनसे कहा कि अब कोई अच्छी फिल्म बनाकर लोगों का मनोरंजन कीजिए। मामले की अगली सुनवाई दो दिन बाद होगी।

  • TAGS
  • [post_tags]