Antara Banerjee Arrested: एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी को अरावली एक्सप्रेस में एसी कोच में जाने और सीट विवाद के बाद RPF कर्मियों से कथित मारपीट के मामले में गिरफ्तार किया गया. FIR के बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया.
मॉडल और वेब सीरीज एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी को ट्रेन में हुए विवाद के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया. मामला 12 अगस्त का बताया जा रहा है, जब वो शूटिंग के सिलसिले में सूरत जा रही थीं. पुलिस के अनुसार, उनके पास स्लीपर क्लास का टिकट था, लेकिन वो एसी कोच में पहुंच गई थीं. इसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद बाद में काफी बढ़ गया.
रिजर्व सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अरावली एक्सप्रेस में एक यात्री ने अंतरा बनर्जी से रिजर्व सीट खाली करने को कहा. आरोप है कि उन्होंने सीट खाली नहीं की. इसके बाद यात्री ने टिकट कलेक्टर हरिकेश त्रिपाठी को इसकी जानकारी दी. टिकट कलेक्टर ने मामले की सूचना रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF को दी.
ये घटना बोरीवली और दहानू के बीच रात करीब 9:30 बजे से 10:50 बजे के बीच हुई बताई गई है.
RPF कर्मचारियों से भी हुई बहस
पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलने के बाद RPF के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर यामिनीकांत मिश्रा और कांस्टेबल राजेश कुमार मौके पर पहुंचे. आरोप है कि इस दौरान अंतरा ने दोनों अधिकारियों के साथ गाली-गलौज की और मामला हाथापाई तक पहुंच गया.
FIR में मिश्रा ने आरोप लगाया कि अंतरा ने अपने कपड़े उतार दिए, रेजर ब्लेड दिखाया और उन पर हमला किया. इस घटना में उनके घायल होने की बात भी सामने आई है. पुलिस का कहना है कि झड़प के दौरान अंतरा को भी चोट लगी.
एसी कोच में मचा हंगामा
पुलिस के अनुसार, स्थिति बिगड़ने के बाद RPF कर्मचारियों ने एसी कोच के दरवाजे सेफ कर दिए. आरोप है कि इसके बाद अंतरा ने वहां से निकलने की कोशिश की और कांच तोड़ने का प्रयास किया.
बाद में उन्हें दहानू रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारा गया और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) के हवाले कर दिया गया. RPF अधिकारी ने ये भी आरोप लगाया कि इस दौरान उनकी वर्दी और मोबाइल फोन को नुकसान पहुंचा.
इस पूरी घटना से कोच में मौजूद दूसरे यात्री भी काफी परेशान और घबराए हुए बताए गए.
पुलिस ने अगले दिन हिरासत में लिया
घटना के अगले दिन बोरीवली रेलवे पुलिस ने अंतरा बनर्जी को हिरासत में लिया. बोरीवली GRP इंस्पेक्टर कुंदा गावड़े के अनुसार, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ में संकेत मिला कि एक्ट्रेस एसी कोच का टिकट नहीं मिलने को लेकर परेशान थीं.
पुलिस के मुताबिक, जब उन्हें परिवार के किसी सदस्य से संपर्क करने या कानूनी सलाह लेने के लिए कहा गया, तो उन्होंने कथित तौर पर ऐसा करने से इनकार कर दिया और खुद को गिरफ्तार करने की मांग की. FIR दर्ज होने के बाद उनके शांत होने की बात भी पुलिस ने कही.
किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला?
अंतरा बनर्जी के खिलाफ 13 अगस्त को FIR दर्ज की गई. पुलिस ने सुरक्षा को खतरे में डालने, सरकारी कर्मचारी को गंभीर चोट पहुंचाने, मारपीट और जानबूझकर अपमान करने समेत कई आरोपों में मामला दर्ज किया. हालांकि, बाद में उन्हें नोटिस देकर जमानत पर रिहा कर दिया गया.


