बॉलीवुड के कलाकार पर्दे पर अलग धर्म के किरदार को अपनी अदाकारी से जिंदा करते हैं. वो धर्म और जात से ऊपर उठकर अपनी रियल लाइफ में भी इसी तरह से नजर आते हैं. अलग अलग धर्म में शादी करने वाले 8 कलाकारों की लव स्टोरी हम आपको बताने जा रहे हैं.
1. नरगिस और सुनील दत्त: फिल्म के सेट पर शुरू हुई प्रेम कहानी
फिल्मी दुनिया की सबसे मशहूर लव स्टोरी की बात करें तो सबसे पहले सुनील दत्त और नरगिस का नाम लिया जाता है. बॉलीवुड की सबसे यादगार प्रेम कहानियों में दोनों का जिक्र होता है. दोनों की मुलाकात फिल्म ‘मदर इंडिया’ की शूटिंग के दौरान हुई थी. धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई और साल 1958 में दोनों ने शादी कर ली. नरगिस और सुनील दत्त आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी प्रेम कहानी आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है. उनके बेटे संजय दत्त भी बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता हैं.
2. मधुबाला और किशोर कुमार: अधूरी रह गई जिंदगी की खुशियां
अपनी खूबसूरती और शानदार अदाकारी के लिए मशहूर मधुबाला की निजी जिंदगी भी काफी चर्चा में रही. उनका असली नाम मुमताज जहां बेगम देहलवी था. मधुबाला पहले अभिनेता दिलीप कुमार से शादी करना चाहती थीं, लेकिन पारिवारिक विरोध के चलते यह रिश्ता शादी तक नहीं पहुंच सका. बाद में उन्होंने गायक और अभिनेता किशोर कुमार से शादी की. किशोर कुमार की यह दूसरी शादी थी. मधुबाला का निधन कम उम्र में हो गया था. उनके जाने के बाद किशोर कुमार ने दो और शादियां कीं.
3. सुनील शेट्टी और माना कादरी: पहली नजर में हुआ प्यार
बॉलीवुड के ‘अन्ना’ यानी सुनील शेट्टी की प्रेम कहानी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. उनकी पत्नी का नाम माना कादरी है. बताया जाता है कि सुनील शेट्टी को माना से पहली नजर में ही प्यार हो गया था. दोनों ने साल 1991 में शादी की. इस जोड़ी ने लंबे समय तक अपने रिश्ते को खूबसूरती से निभाया है. उनके दो बच्चे हैं, बेटी अथिया शेट्टी और बेटा अहान शेट्टी.
4. मनोज बाजपेयी और नेहा: सात साल के रिश्ते के बाद की शादी
अभिनेता मनोज बाजपेयी की पत्नी ने नेहा के नाम से फिल्मों में काम करना शुरू किया था. उनका असली नाम शबाना रजा है. दोनों की मुलाकात के बाद दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया. मनोज और नेहा ने शादी करने से पहले करीब सात साल तक एक-दूसरे को डेट किया. साल 1998 में दोनों ने शादी कर ली. इस जोड़ी की एक बेटी है, जिसका नाम अवा नायला है.
5. ऋतिक रोशन और सुजैन खान: 14 साल बाद अलग हुईं राहें
बॉलीवुड में कल हो ना हो से धमाकेदार एंट्री मारने वाले ऋतिक रोशन जाने माने कलाकार और निर्माता -निर्देशक राकेश रोशन के बेटे हैं. बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाने के बाद उन्होंने सुजैन खान से शादी की. दोनों ने साल 2000 में शादी की थी और करीब 14 साल तक साथ रहे. बाद में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक लेने का फैसला किया. शादी टूटने के बावजूद दोनों के बीच दोस्ती का रिश्ता कायम है. सुजैन मशहूर अभिनेता संजय खान की बेटी हैं.
6. संजय दत्त और मान्यता: 2008 में रचाई शादी
पिता सुनील दत्त ने मुस्लिम अभिनेत्री से शादी की तो बेटे संजय दत्त ने भी ऐसा ही किया. उनकी पत्नी मान्यता दत्त का असली नाम दिलनवाज शेख है. दोनों के रिश्ते की चर्चा साल 2006 में तब ज्यादा हुई, जब वे एक अवॉर्ड समारोह में साथ नजर आए थे. इसके बाद साल 2008 में संजय दत्त और मान्यता ने शादी कर ली. साल 2010 में मान्यता ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया. उनके बेटे का नाम शहरान और बेटी का नाम इकरा है. दोनों आज भी साथ हैं.
7. दीया मिर्जा: पहली शादी टूटी, फिर वैभव रेखी के साथ बसाया घर
मॉडलिंग की दुनिया में नाम कमाने के बाद बॉलीवुड में कदम रखने वाली दीया मिर्जा ने एक नहीं दो शादी की. उन्होंने पहली शादी साल 2014 में फिल्म निर्माता साहिल संघा से की थी. करीब पांच साल बाद 2019 में दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया. इसके बाद दीया ने साल 2021 में बिजनेसमैन वैभव रेखी से दूसरी शादी की. इस तरह उन्होंने एक बार फिर अपनी जिंदगी की नई शुरुआत की.
8. सोहा अली खान और कुणाल खेमू: दोस्ती से शुरू हुआ रिश्ता
बॉलीवुड की मशहूर फैमली जो शाही परिवार के आता है वहां भी हिन्दी और मुस्लिम शादी की मिसाल देखने को मिलती है. पटौदी परिवार की बेटी और अभिनेता सैफ अली खान की बहन सोहा अली खान ने भी अपने जीवनसाथी के रूप में अभिनेता कुणाल खेमू को चुना. कुणाल कश्मीरी पंडित परिवार से ताल्लुक रखते हैं. दोनों की पहली मुलाकात में खास दोस्ती नहीं हुई थी, लेकिन दूसरी मुलाकात के बाद उनके बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं. कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद सोहा ने अपनी मां शर्मिला टैगोर को इस रिश्ते के बारे में बताया. परिवार की सहमति के बाद दोनों ने साल 2015 में शादी कर ली. इस जोड़ी की एक बेटी है, जिसका नाम इनाया है.


