NEET-UG 2026 Updates, (आज समाज), नई दिल्ली : नीट-यूजी 2026 (NEET-UG 2026) की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने शुक्रवार यानि आज यह घोषणा की। एनटीए द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया गया कि भारत सरकार की मंज़ूरी से नीट-यूजी 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून 2026 (रविवार) को निर्धारित की गई है। पहले परीक्षा 3 मई को हुई थी, जिसे एनटीए ने पेपर लीक के आरोपों के बाद 12 मई को रद कर दिया था।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की अध्यक्षता में हुई थी बैठक
एनटीए ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करने के दो दिन बाद नीट-यूजी एग्जाम की तारीख का ऐलान किया है। एजेंसी ने उम्मीदवारों और अभिभावकों से यह भी आग्रह किया है कि वे परीक्षा से संबंधित अपडेट के लिए केवल आधिकारिक संचार माध्यमों पर ही भरोसा करें।
बैठक में कार्यप्रणाली पर चर्चा की गई
धर्मेंद्र प्रधान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दोबारा परीक्षा को सुरक्षित, पारदर्शी और विश्वसनीय तरीके से आयोजित करने की कार्यप्रणाली पर चर्चा की गई थी। इसमें उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी, स्कूली शिक्षा सचिव संजय कुमार, एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह, सीबीएमई के अध्यक्ष राहुल सिंह और केंद्रीय विद्यालय संगठन तथा नवोदय विद्यालय समिति के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
देश की सबसे बड़ी अंडरग्रेजुएट मेडिकल प्रवेश परीक्षा
नीट-यूजी 2026 परीक्षा को देश की सबसे बड़ी अंडरग्रेजुएट मेडिकल प्रवेश परीक्षा माना जाता है। यह परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की गई थी, जिसमें 5,400 से ज़्यादा परीक्षा केंद्र शामिल थे और 22 लाख से ज़्यादा उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था। इस मामले की जाँच अभी केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई ) कर रही है।
सीबीआई ने मामले में दर्ज की है एफआईआर
सीबीआई ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की है, जिसमें आपराधिक साज़िश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और सबूतों को नष्ट करने से जुड़ी धाराएं लगाई गई हैं। इसके अलावा, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत भी आरोप लगाए गए हैं।
मामले में पांच आरोपी गिरफ़्तार
दिल्ली की एक अदालत ने इस बीच, हाल ही में कथित पेपर लीक मामले में गिरफ़्तार किए गए पांच आरोपियों को सात दिन के लिए सीबीआई की हिरासत में भेज दिया है। इन आरोपियों में मंगिलाल बीवाल, दिनेश बीवाल, विकास बीवाल, शुभम खैरनार और यश यादव शामिल हैं। अदालत के अनुसार, जांच अभी बहुत शुरुआती चरण में है।
हो सकती है बड़ी साज़िश
जांच से यह संकेत मिलता है कि इसके पीछे एक बड़ी साज़िश हो सकती है, जिसमें लीक हुए प्रश्न पत्रों को उम्मीदवारों तक पहुंचाने और उन्हें बड़ी रक़म के बदले बेचने का काम शामिल है। परीक्षा रद्द होने के बाद कई राज्यों में छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए। इसके साथ ही, विपक्षी नेताओं ने भी परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए और अधिकारियों से जवाबदेही तय करने की मांग की।
ये भी पढ़ें : Fit India Movement: रोज 8 किलोमीटर साइकिल चलाकर दफ्तर पहुंचते हैं नरेंद्र


