
पानीपत के समालखा से विधायक रह चुके हैं धर्म सिंह छौक्कर
Chandigarh News (आज समाज) चंडीगढ़: मनी लॉन्ड्रिंग केस में फरार चल रहे हरियाणा कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। धर्म सिंह छौक्कर को दिल्ली के एक होटल से गिरफ्तार किया गया है। धर्म सिंह छौक्कर पर 1500 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग केस चल रहा है। ईडी धर्म सिंह छौक्कर की 44.55 करोड़ रुपए की संपति कुर्क कर चुका है। छौक्कर की कंपनी साई आइना फार्म्स प्राइवेट लिमिटेड पर आरोप है कि उन्होंने लोगों को गुरुग्राम में घर देने के बदले करोड़ों रुपए ले लिए। बाद में उन्होंने न लोगों को घर दिया और न ही पैसे लौटाए। इसके बाद ईडी ने उनके खिलाफ केस दर्ज किया था।
लोगों से रुपए लिए, लेकिन घर नहीं दिए
धर्म सिंह छौक्कर और उनके बेटे सिकंदर और विकास की कंपनी साई आइना फॉर्म्स अब माहिरा इंफाटेक प्राइवेट लिमिटेड, सीजर बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड और माहिरा बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड ने किफायती आवास योजना निकाली थी। जिसके तहत हजारों खरीदारों को गुरुग्राम के सेक्टर 68, सेक्टर 103 और सेक्टर 104 में मकान उपलब्ध कराने का वादा किया गया। इसके बदले उनसे लगभग 616.41 करोड़ रुपए ले लिए गए। इसके बावजूद लोगों को घर नहीं दिए गए।
गुरुग्राम पुलिस ने दर्ज किया था केस
बाद में पता चला कि घर खरीदारों से एकत्र की गई रकम को इन्होंने निजी लाभ के लिए खर्च कर दिया। कंपनी ने करोड़ों रुपए फर्जी निर्माण लागत, महंगी ज्वैलरी और शादियों में खर्च किए। शिकायत पर गुरुग्राम पुलिस ने छौक्कर के खिलाफ केस दर्ज किया था। गौरतलब है कि धर्म सिंह छौक्कर पानीपत के समालखा से विधायक रह चुके है।
ये भी पढ़ें : Punjab News Update : पंजाब के पानी की रक्षा के लिए पंजाब सरकार उठाएगी हर कदम
ये भी पढ़ें : हरियाणा में आज फिर होगी बारिश