पुलिस जांच में जुटी, दुष्कर्म की आंशका
Delhi Crime News (आज समाज), नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में उस समय सनसनी फैल गई जब एक दिव्यांग युवती का घर से अपहरण कर लिया गया। मिली जानकारी के अनुसार युवती घर की छत पर सो रही थी जहां से उसका अपहरण कर लिया गया। वारदात राजधानी के मदनपुर खादर एरिया की है। परिजनों ने सुबह जब युवती को घर की छत पर न पाया तो उसकी तलाश की गई।
तलाश के दौरान उसका शव घर से कुछ ही दूर एक खाली झुग्गी में मिला। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने साक्ष्य जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। आशंका है कि युवती के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने अपहरण, हत्या और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर बलजीत नगर में युवक ने की प्रेमिका की हत्या
वहीं एक अन्य मामले में मध्य दिल्ली के बलजीत नगर में भी महिला की हत्या का मामला सामने आया है। यहां पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में ही आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए पुलिस को बताया कि उसने गला घोंटकर प्रेमिका की इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उससे उसका दिल भर चुका था जबकि महिला उसे बार-बार मिलने के लिए बुलाती थी और संबंध बनाने का दबाव बनाती थी।
शादीशुदा थी महिला
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त एम. हर्षवर्धन ने बताया कि शनिवार शाम करीब 4.14 बजे उनकी टीम को सूचना मिली थी कि महिला की हत्या कर दी गई है। उसका शव पड़ोसी के घर पर पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची। छानबीन के दौरान पता चला कि महिला पड़ोस में रहती थी। उसका पति कीर्ति नगर में फर्नीचर की दुकान पर सेल्समैन का काम करता है। वारदात के समय वह काम पर था।
पुलिस ने महिला का मोबाइल कब्जे में लिया। उसकी पड़ताल हुई तो धर्मेद्र का नाम सामने आया। पड़ोसियों ने भी आखिरी बार महिला को उसके साथ ही देखा था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया और आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
ये भी पढ़ें : Delhi Crime News : दिल्ली में आज भी बारिश का येलो अलर्ट