Delhi News Update : दिल्ली के फ्लाईओवर बढ़ाएंगे शहर की खूबसूरती

0
77
Delhi News Update : दिल्ली के फ्लाईओवर बढ़ाएंगे शहर की खूबसूरती
Delhi News Update : दिल्ली के फ्लाईओवर बढ़ाएंगे शहर की खूबसूरती

पीडब्ल्यूडी ने बनाई योजना, सभी फ्लाईओवर को अडॉप्ट कराया जाएगा

Delhi News Update (आज समाज), नई दिल्ली : दिल्ली जहां देश की राजधानी है वहीं यहां पर दर्जनों पर्यटक स्थल भी हैं। जिन्हें देखने के लिए साल भर देश व विदेश से लाखों की संख्या में लोग आते हैं। वहीं विदेशी राजनायिक भी दिल्ली के दौरे पर रहते हैं। लेकिन दिल्ली में जगह-जगह फैली गंदगी इसकी सुंदरता पर ग्रहण लगाती है। दिल्ली में ऐसे बहुत सारे फ्लाईओवर हैं जिनके नीचे आसपास के दुकानदार व रेहड़ी फड़ी वाले कचरे के ढेर लगा देते हैं।

अब इस समस्या से बचने के लिए पीडब्ल्यू विभाग ने कार्ययोजना तैयार की है। दिल्ली सरकार ने फ्लाईओवरों को सुंदर व नीचे की जगह को उपयोगी बनाने के लिए एडॉप्ट ए फ्लाईओवर नीति शुरू करने की योजना बनाई है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से इसे लेकर तैयारियां की जा रही हैं। इसके तहत निजी कंपनियां, गैर-लाभकारी संगठन और अन्य संस्थाएं फ्लाईओवरों को गोद लेकर देखभाल और सौंदर्यीकरण करेंगी।

100 से अधिक फ्लाईओवर गोद ले सकेंगे

राजधानी में पीडब्ल्यूडी के तहत 100 से अधिक फ्लाईओवर हैं जिनके नीचे कचरा और अतिक्रमण है। नई नीति के जरिये इन क्षेत्रों का बेहतर उपयोग होगा। इसके तहत पीडब्ल्यूडी टेंडर जारी करेगा और चुनी गई कंपनियां एक पैकेज में पांच फ्लाईओवर गोद ले सकेंगी। हालांकि, फ्लाईओवरों की मरम्मत और रखरखाव का जिम्मा पीडब्ल्यूडी का ही होगा।

इस तरह प्रयोग की जा सकती है जगह

अधिकारियों ने बताया कि कंपनियां इन जगहों को साफ रखेंगी, अतिक्रमण व दीवारों से गंदगी हटाकर हरियाली बढ़ाएंगी। फ्लाईओवर के नीचे की जगह को खेल का मैदान, ओपन जिम या लाइब्रेरी के रूप में विकसित किया जा सकता है। खंभों और दीवारों पर स्ट्रीट आर्ट से फ्लाईओवरों को आकर्षक बनाया जाएगा। इससे दिल्ली की सड़कों की सुंदरता बढ़ेगी। पीडब्ल्यूडी इस नीति का प्रस्ताव तैयार कर रहा है। इसका लक्ष्य दक्षिण और बाहरी दिल्ली सहित सभी क्षेत्रों में फ्लाईओवरों और सड़कों को सुंदर बनाना है। कंपनियों को एक साल के लिए अनुबंध दिए जाएंगे और बेहतरीन काम के लिए गोल्ड और प्लेटिनम रेटिंग दी जाएगी। यदि सफलता मिली तो सबवे और अंडरपास भी इस नीति में आएंगे।

ये भी पढ़ें : Delhi News : दिल्ली की जनता अगले 20 दिन में देखेगी बदलाव : रेखा गुप्ता