अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में हरियाणा पवेलियन का करेंगे शुभारंभ
Rajnath Singh Visti Kurukshetra, (आज समाज), कुरुक्षेत्र: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज कुरुक्षेत्र आएंगे। वह यहां पर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में शिरकत करेंगे। इसके साथ रक्षा मंत्री गीता महोत्सव में तैयार हरियाणा पवेलियन का शुभारंभ करेंगे। आज से महोत्सव में मुख्य कार्यक्रमों का आगाज होगा। जोकि 1 दिसंबर तक चलेंगे। रक्षा मंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है।
कार्यक्रम स्थल पर प्रशासन की ओर से जारी आई कार्ड के साथ एंट्री होगी। प्रोटोकॉल के अनुसार नियमों का पालन करना होगा। सुरक्षा को लेकर चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस को तैनात किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर आईपीएस के साथ-साथ एचसीएस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार का शुभारंभ भी करेंगे रक्षामंत्री
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरियाणा पेवेलियन के साथ-साथ ब्रह्मसरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में मध्य प्रदेश पवेलियन और राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के श्रीमदभगवद्गीता सदन में 3 दिन चलने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार का शुभारंभ भी करेंगे।
बॉलीवुड एक्ट्रेस पद्मिनी कोल्हापुरे श्रीकृष्ण की लीलाओं पर बेस्ड नाटिका करेंगी प्रस्तुत

आज से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में मुख्य कार्यक्रर्मों का शुभारंभ होगा। एक दिसंबर तक चलने वाले कार्यक्रमों हर दिन बॉलीवुड, सूफी और टीवी कलाकार अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक प्रस्तुति देंगे। आज पहले ही दिन शाम को बॉलीवुड की सदाबहार अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे (60) अपनी मनमोहक प्रस्तुति देंगी।
वे भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी दिव्य लीलाओं को जीवंत करने की कोशिश करेंगी। वे श्रीकृष्ण की लीलाओं पर बेस्ड नृत्य नाटिका से प्रस्तुत करेंगी। इस प्रस्तुति को गीता ग्रुप आॅफ आर्ट्स के सहयोग से तैयार किया गया है। इसके निर्देशक अर्पित शर्मा और प्रांजलि हैं।
कल पीएम मोदी आएंगे कुरुक्षेत्र
कल 25 नवंबर को ज्योतिसर में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्री गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित समागम में शिरकत करेंगे। ज्योतिसर स्थित 155 एकड़ में विशाल पंडाल तैयार किया गया है। इस राष्ट्र स्तर के कार्यक्रम में डेढ़ लाख से ज्यादा संगत के पहुंचने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: हरियाणा से सीजेआई बनने वाले पहले व्यक्ति जस्टिस सूर्यकांत आज लेंगे शपथ


