Haryana News: जिस पर था भरोसा वही निकली दगाबाज, खाने में मिलाया जहर फिर NRI का घर लूटकर फरार

0
107

Haryana News: चंडीगढ़ में एक घरेलू सहायिका अपनी मालकिन के भरोसे का कत्ल कर घर से लाखों की नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गई। घटना चंडीगढ़ के पॉश इलाके सेक्टर-8 की है, जहां कोठी नंबर-1124 में रहने वाली किरण मित्तल को उनकी घरेलू सहायिका ने खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया। इसके बाद महिला के बेहोश होने के बाद घर लूटकर फरार हो गई।

घरेलू सहायिका ने लगाया चूना

महिला को बेहोशी की हालत में सेक्टर-16 स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस को दिए बयान में किरण मित्तल ने बताया कि देर शाम खाना खाने के कुछ समय बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। जब उन्हें होश आया तो घर से ज्वैलरी, नकदी और अन्य कीमती सामान गायब था। घर में काम करने वाली महिला कुक भी मौके से लापता मिली। परिजनों ने उसी पर वारदात को अंजाम देने का संदेह जताया है।

7 दिन पहले आई थी सहायिका

जानकारी के मुताबिक, किरण मित्तल इसी साल जनवरी में कनाडा से चंडीगढ़ लौटी थीं। उनके परिवार के अन्य सदस्य कनाडा में रहते हैं, जबकि उनके भाई-बहन पंचकूला के अमरावती एन्क्लेव में रहते हैं। बताया गया है कि करीब एक सप्ताह पहले ही उन्होंने गुम्मा नाम की महिला को घरेलू सहायिका के रूप में काम पर रखा था।

आरोपी की तलाश कर रही पुलिस

आरोप है कि संदिग्ध महिला ने देर शाम खाने में कोई जहरीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद किरण मित्तल बेहोश हो गईं और इसी दौरान घर से कीमती सामान लेकर महिला फरार हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संदिग्ध घरेलू सहायिका की तलाश की जा रही है।

  • TAGS
  • [post_tags]