- स्कूल के बाहर मनीषा मित्तल को मारी तीन गोलियां
- पारिवारिक विवाद व करोड़ों की संपत्ति पर था विवाद
- हरियाणा के रेवाड़ी ज़िले की रहने वाली थी मनीषा
Himachal News, (आज समाज), शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में एक निजी स्कूल परिसर के बाहर स्कूल संचालिका मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात शनिवार शाम की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों और आरोपियों के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी। बताया गया है कि मनीषा हरियाणा के रेवाड़ी ज़िले की रहने वाली थी और वह पिछले डेढ़ महीने से अपनी नाबालिग बेटी के साथ स्कूल कैंपस के एक घर में रह रही थीं। पुलिस ने उनके पति सुभाष यादव को वारदात की सुचना दे दी है।
ये भी पढ़ें : Bihar Breaking: दरभंगा में दिनदहाड़े बाइक के शो रूम में घुसकर मैनेजर की हत्या
सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालक थी मनीषा
वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मनीषा मित्तल सरस्वती पैराडाइज स्कूल का संचालन करती थीं। वह शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे स्कूल परिसर में पहुंची ही थीं कि अज्ञात हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। बताया जा रहा है कि उन्हें तीन गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
भाई से संपत्ति को लेकर चल रहा था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मनीषा मित्तल का अपने भाई के साथ स्कूल और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतका ने पहले भी कई बार सार्वजनिक रूप से आरोप लगाए थे कि स्कूल की संपत्ति और प्रबंधन को लेकर उनके साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिये भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की थी।
पंजाब नंबर की गाड़ी से आए थे हमलावर
सूत्रों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले हमलावर पंजाब नंबर की गाड़ी में आए थे। घटना के बाद पुलिस ने संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। यह हत्या इसलिए भी चर्चा का विषय बन गई है क्योंकि जिस स्कूल को लेकर वर्षों से विवाद चल रहा था, उसी स्कूल के बाहर मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें : Uttarakhand: देहरादून में दो समुदाय में खूनी झड़प, हिंदु युवक की हत्या, 3 घायल


