सुबह-शाम के समय पड़ रही धुंध
Haryana Weather Update, (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा में ठंड में इजाफा होता जा रहा है। दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह और शाम के वक्त हल्की धुंध भी पड़नी शुरू हो गई है। हालांकि दिन में धुप खिलने पर कुछ राहत जरूर मिलती है। मौसम एक्सपर्ट की माने तो अभी 3 से 4 दिन न्यूनतम तापमान ऐसे ही गिरेगा मगर 27 नवंबर से एक बार फिर बादल छाएंगे जिससे दिन में और ठंड बढ़ेगी। वहीं नमी बढ़ने से धुंध और गहरी हो सकती है।
हिसार रहा सबसे ठंडा
अगर बात न्यूनतम तापमान कि करें तो हिसार शहर का तापमान सबसे कम 7.4 डिग्री दर्ज किया गया। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 28 नवंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलने की संभावना है, जिससे सुबह व शाम को ठंड रहने की संभावना है।
6 से 9 डिग्री सेल्सियस के मध्य रह सकता है तापमान
पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का सीधा असर मैदानी इलाकों में पड़ रहा है। शाम 4 बजते ही ठंड बढ़ जाती है। दिन में धूप निकलने से अभी भी तापमान सामान्य के आसपास 27 से 28 डिग्री के आसपास चल रहा है। आने वाले समय में इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहने की संभावना है।
27 व 28 नवंबर को आंशिक बादलवाई रहने की संभावना
इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी परंतु रात्रि तापमान में हल्की गिरावट रहने की संभावना है। वातावरण में नमी की अधिकता के कारण कहीं कहीं सुबह के समय हल्की धुंध भी रहने की संभावना है। परंतु 27 व 28 नवंबर को बीच बीच में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: हरियाणा से सीजेआई बनने वाले पहले व्यक्ति जस्टिस सूर्यकांत आज लेंगे शपथ


